📅 Published on: September 5, 2026
Kapilvastupost
सिद्धार्थनगर (लोटन): उत्तर प्रदेश के सिद्धार्थनगर जिले स्थित लोटन कोतवाली परिसर से एक घूसखोरी की बातचीत का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। 1 मिनट 27 सेकंड के इस वीडियो क्लिप ने पुलिस विभाग के प्रशासनिक रवैये पर सवाल खड़े कर दिए हैं। हालांकि, वायरल वीडियो की सत्यता की पुष्टि आधिकारिक तौर पर नहीं हुई है।
साहब मांग रहे थे 10 हजार, 5 हजार में बनी बात वायरल वीडियो में दो व्यक्तियों के बीच हो रही बातचीत साफ सुनी जा सकती है। एक व्यक्ति दूसरे से कहता है कि “साहब तो 10 हजार रुपये मांग रहे थे, लेकिन मामला 5 हजार रुपये में तय हो गया है।” इस पर दूसरा व्यक्ति तंज कसते हुए कहता है कि केवल इधर-उधर घुमाने-टहलाने के ही 5 हजार रुपये मांगे जा रहे हैं।
12 घंटे हिरासत में रखने के बाद छोड़ा गया था युवक स्थानीय सूत्रों के अनुसार, यह वीडियो करीब एक सप्ताह पुराना है। पुलिस ने वाहन से जा रहे एक संदिग्ध युवक को रोककर हिरासत में लिया था और उसे गाड़ी समेत कोतवाली ले आई थी। आरोप है कि युवक को करीब 12 घंटे तक कोतवाली में बैठाकर रखा गया और बाद में पैसों के लेनदेन की बात तय होने पर छोड़ दिया गया।
कोतवाली प्रभारी का बयान: जांच के बाद होगी कार्रवाई मामले के तूल पकड़ने के बाद लोटन कोतवाली प्रभारी प्रदीप कुमार सिंह ने बताया कि वायरल वीडियो का संज्ञान लिया गया है। वीडियो में दिख रहे व्यक्तियों को चिन्हित कर पूछताछ के लिए बुलाया जाएगा और पूरी जांच के बाद उचित कार्रवाई की जाएगी।