📅 Published on: September 24, 2026
Kapilvastupost
डुमरियागंज (सिद्धार्थनगर)। मिशन शक्ति फेज-5 और ‘मीना दिवस’ के अवसर पर डुमरियागंज तहसील में बालिकाओं को सशक्त और जागरूक बनाने के उद्देश्य से एक प्रेरणादायक पहल की गई। बेसिक शिक्षा विभाग, पुलिस विभाग तथा ‘मानव संसाधन एवं महिला विकास संस्था’ के संयुक्त तत्वावधान में पीयर एजुकेटर रिया गुप्ता को एक दिन का सांकेतिक एसडीएम (उपजिलाधिकारी) बनाया गया।
तहसील सभागार में आयोजित इस कार्यक्रम के दौरान एसडीएम विवेकानंद मिश्र ने रिया गुप्ता का स्वागत किया और उन्हें अपनी कुर्सी पर बैठाकर एक दिन के प्रशासनिक दायित्व की कमान सौंपी। कुर्सी संभालने के बाद रिया ने एसडीएम विवेकानंद मिश्र के साथ तहसील परिसर का विस्तृत भ्रमण किया।
निरीक्षण के दौरान एसडीएम मिश्र ने रिया को एसडीएम न्यायालय, तहसीलदार न्यायालय, तहसील कार्यालय की कार्यप्रणाली और बाढ़ नियंत्रण कक्ष का अवलोकन कराया। उन्होंने रिया को बारीकी से समझाया कि कैसे आम जनता की शिकायतों (जनशिकायतों) का निस्तारण किया जाता है, राजस्व वादों की सुनवाई कैसे होती है और क्षेत्र में कानून-व्यवस्था व प्रशासनिक नियंत्रण किस प्रकार संचालित किया जाता है।
यूपीएससी क्रैक कर देश सेवा का है लक्ष्य केवटली नानकार गांव की रहने वाली रिया गुप्ता वर्तमान में बीए प्रथम वर्ष की छात्रा हैं। एक दिन की एसडीएम बनने के बाद उत्साहित रिया ने बताया कि उनका सपना यूपीएससी (UPSC) की परीक्षा पास कर एक सफल प्रशासनिक अधिकारी बनना है, ताकि वे समाज की सेवा कर सकें। उन्होंने इस अवसर को अपने जीवन का सबसे यादगार क्षण बताते हुए आयोजकों और प्रशासन का आभार व्यक्त किया।
वहीं, एसडीएम विवेकानंद मिश्र ने कहा कि इस तरह के सांकेतिक एवं प्रेरणादायक आयोजनों से ग्रामीण पृष्ठभूमि की बेटियों में आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता का विकास होता है। ऐसी पहल से बेटियां न सिर्फ आत्मनिर्भर बनती हैं, बल्कि उन्हें अपने जीवन में बड़े सपने देखने और उन्हें पूरा करने की प्रेरणा भी मिलती है।