सिद्धार्थनगर में सपा का कलेक्ट्रेट पर जोरदार प्रदर्शन: मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग

Kapilvastupost

सिद्धार्थनगर। ‘संविधान बचाओ, लोकतंत्र बचाओ, वोट बचाओ’ सप्ताह के तहत समाजवादी पार्टी (सपा) के कार्यकर्ताओं ने गुरुवार को जिला मुख्यालय पर जोरदार प्रदर्शन किया। सपा जिलाध्यक्ष लालजी यादव की अगुआई में पार्टी कार्यालय से जिलाधिकारी कार्यालय तक पैदल मार्च निकाला गया।

इस मार्च में पूर्व सांसद भीष्म शंकर उर्फ कुशल तिवारी, डुमरियागंज विधायक सैयदा खातून समेत बड़ी संख्या में सपा नेता और कार्यकर्ता शामिल हुए। कलेक्ट्रेट पहुंचने के बाद सपाइयों ने सरकार और चुनाव आयोग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की व धरना-प्रदर्शन किया।

मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे और कार्रवाई की मांग

प्रदर्शनकारियों ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग करते हुए उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तारी और कार्रवाई की मांग की। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त का पुतला भी फूंका और सांकेतिक रूप से ‘पाप का घड़ा’ फोड़कर विरोध जताया।

सपा जिलाध्यक्ष लालजी यादव ने आरोप लगाया कि चुनाव आयोग निष्पक्ष तरीके से काम नहीं कर रहा है। उन्होंने कहा कि एसआईआर (SIR) के नाम पर बड़ी संख्या में लोगों के नाम मतदाता सूची से काटे जा रहे हैं, जिससे लोग अपने मताधिकार से वंचित हो रहे हैं। उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त को पद से हटाने और उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग के साथ-साथ प्रदेश सरकार पर महंगाई और बेरोजगारी के मुद्दे पर भी निशाना साधा।

कलेक्ट्रेट परिसर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम

प्रदर्शन को देखते हुए कलेक्ट्रेट परिसर में भारी पुलिस बल तैनात रहा और सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए।

इस प्रदर्शन में पूर्व विधायक अनिल सिंह, विजय पासवान, चौधरी अमर सिंह, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष जमील सिद्दीकी, उग्रसेन प्रताप सिंह, कमाल खान, इदरीस पटवारी, मोनू दुबे, महेश कन्नौजिया, रिधू पासवान, रामफेर यादव, मोहम्मद जफर, अजय चौधरी, मीडिया प्रभारी अब्दुल कलाम सिद्दीकी सहित कई वरिष्ठ नेता और बड़ी संख्या में सपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।