महान स्वतंत्रता सेनानियों की जयंती पर कार्यक्रम आयोजित करने की अपील: बदरे आलम
📅 Published on: October 15, 2026
“महापुरुषों के त्याग, बलिदान और देशभक्ति के संदेश को जन-जन तक पहुँचाना हम सबकी जिम्मेदारी”
सद्दाम खान
सिद्धार्थनगर: स्वतंत्रता संग्राम सेनानी मौलाना अब्दुल कय्यूम रहमानी फाउंडेशन के अध्यक्ष एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता बदरे आलम ने देश की सभी देशभक्त ताकतों, सामाजिक संगठनों और देशप्रेमियों से एक विशेष अपील जारी की है। उन्होंने आगामी दिनों में आने वाली देश की महान विभूतियों की जयंतियों को पूरी गरिमा और उत्साह के साथ मनाने का आह्वान किया है।
बदरे आलम ने अपील करते हुए कहा कि सभी लोग अपनी-अपनी क्षमता अनुसार निम्नलिखित तिथियों पर कार्यक्रम आयोजित कर इन महान स्वतंत्रता सेनानियों को श्रद्धांजलि अर्पित करें:
24 अक्टूबर: अंतिम मुगल सम्राट और 1857 के प्रथम स्वतंत्रता संग्राम के नायक बहादुर शाह ज़फ़र
31 अक्टूबर: लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल
11 नवंबर: देश के प्रथम शिक्षा मंत्री मौलाना अबुल कलाम आज़ाद
14 नवंबर: भारत के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू
नई पीढ़ी तक विचार पहुँचाना हमारा नैतिक कर्तव्य
बदरे आलम ने कहा कि इन महापुरुषों ने देश की आज़ादी, अखंडता, एकता और तरक्की के लिए ऐतिहासिक योगदान दिया है। उनके संघर्ष, त्याग और बलिदान की गाथा को नई पीढ़ी तक पहुँचाना हम सभी का नैतिक कर्तव्य है।
उन्होंने जोर देकर कहा:
“महापुरुषों की जयंती केवल औपचारिक रूप से मनाने का अवसर नहीं है, बल्कि उनके विचारों को अपने जीवन में अपनाने और देश में आपसी भाईचारा, सामाजिक सौहार्द तथा देशभक्ति की भावना को मजबूत करने का संकल्प लेने का दिन है।”


