सिद्धार्थनगर: शादी का झांसा, गर्भपात और फिर जान से मारने की धमकी; पीड़िता पहुंची एसपी की चौखट ​बांसी कोतवाली क्षेत्र का मामला: आरोपी पर BNS धारा 69, 90 में FIR दर्ज, पुलिस की ढिलाई पर उठे सवाल

Kapilvastupost

सिद्धार्थनगर: जिले के बांसी कोतवाली क्षेत्र की रहने वाली एक पीड़िता ने पुलिस अधीक्षक (SP) को शिकायती पत्र देकर न्याय की गुहार लगाई है। पीड़िता का आरोप है कि गांव के ही एक युवक ने शादी का झांसा देकर उसके साथ कई बार शारीरिक संबंध बनाए, जिसके बाद वह गर्भवती हो गई।

पीड़िता के अनुसार, जब उसने आफ़ताब (पुत्र मुर्तजा, निवासी- गांव मल्होली, थाना बांसी) से शादी के लिए कहा, तो उसने टालमटोल की। इसके बाद आरोपी ने किसी बहाने से उसे कोई गोली खिला दी, जिससे उसका गर्भपात हो गया और बाद में आरोपी ने शादी करने से साफ इनकार कर दिया।

इस घटना के संबंध में स्थानीय थाने में दिनांक 27-7-26 को प्रार्थना पत्र दिया गया था, जिसके आधार पर आरोपी आफ़ताब के खिलाफ मु.अ.सं.- 138/26, धारा 69, 90 BNS के तहत FIR दर्ज की गई थी। FIR दर्ज होने के बाद पीड़िता का मेडिकल परीक्षण, एक्स-रे और मजिस्ट्रेट के सामने बयान भी हुआ।

पीड़िता का गंभीर आरोप है कि स्थानीय थाने की पुलिस आरोपी के प्रभाव में आकर न तो उसे गिरफ्तार कर रही है और न ही न्यायालय में चार्जशीट प्रेषित कर रही है। इसके विपरीत, आरोपी द्वारा पीड़िता को लगातार जान से मारने की धमकी दी जा रही है और परेशान किया जा रहा है। पीड़िता ने पुलिस अधीक्षक से मांग की है कि इस मामले में संज्ञान लेकर आरोपी को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर जेल भेजा जाए, अन्यथा आरोपी उसे जान से मार देगा।