सिद्धार्थनगर में हृदयविदारक घटना: डेढ़ साल के बेटे की हत्या कर मां ने फंदे से लटककर दी जान, 6 माह की मासूम की बची जान

Kapilvastupost

सिद्धार्थनगर (शोहरतगढ़): उत्तर प्रदेश के सिद्धार्थनगर जिले के शोहरतगढ़ कस्बे के वार्ड नंबर-11 स्थित रघुनाथ नगर मोहल्ले में बुधवार देर शाम एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां किराये के मकान में रहने वाली 25 वर्षीय महिला काजल ने अपने डेढ़ वर्षीय मासूम बेटे की गला घोंटकर हत्या कर दी और खुद छत की कुंडी से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। इस खौफनाक घटनाक्रम में परिवार की छह माह की मासूम बेटी की जान बाल-बाल बच गई।

क्या है पूरा मामला? जानकारी के अनुसार, मूल रूप से मध्य प्रदेश के निवासी रामनरेश पिछले करीब पांच वर्षों से शोहरतगढ़ के रघुनाथ नगर में किराये के मकान में रहकर गोलगप्पे (फुलकी) बेचने का काम करते हैं। परिवार में उनकी 25 वर्षीय पत्नी काजल, डेढ़ साल का बेटा टाइगर और छह माह की बेटी शामिल थे।

बुधवार शाम को जब रामनरेश रोज की तरह काम पर बाहर गए हुए थे, तभी करीब 8:30 बजे कमरे के अंदर से बच्चों के रोने की आवाजें सुनाई दीं। बताया जा रहा है कि काजल ने पहले अपने डेढ़ वर्षीय बेटे टाइगर का गला दबाकर उसकी हत्या कर दी और छह माह की बेटी का भी गला दबाने की कोशिश की, जिससे वह अचेत हो गई। बच्ची को बेहोश देख महिला ने खुद भी कमरे में फंदे से लटककर जान दे दी।

दरवाजा तोड़कर अंदर दाखिल हुई पुलिस आसपास के लोगों को संदेह होने पर उन्होंने तत्काल शोहरतगढ़ पुलिस को मामले की सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने जब कमरे का दरवाजा अंदर से बंद पाया, तो दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया। अंदर का नजारा देख हर कोई स्तब्ध रह गया। पुलिस ने तत्काल सभी को नीचे उतारा और अस्पताल पहुंचाया।

बेटी का चल रहा इलाज, पुलिस जांच में जुटी अस्पताल में चिकित्सकों ने मां काजल और डेढ़ वर्षीय बेटे टाइगर को मृत घोषित कर दिया, जबकि समय पर इलाज मिलने से छह माह की मासूम बच्ची की सांसें बच गईं। फिलहाल बच्ची का उपचार जारी है और उसकी स्थिति पर नजर रखी जा रही है।

घटना की सूचना पाकर अस्पताल पहुंचे पति रामनरेश पत्नी और बेटे का शव देखकर बेसुध हो गए। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। क्षेत्राधिकारी (सीओ) मयंक द्विवेदी ने बताया कि महिला ने यह आत्मघाती कदम किन परिस्थितियों और कारणों से उठाया, इसका अभी स्पष्ट पता नहीं चल सका है। पुलिस सभी पहलुओं से मामले की गहनता से जांच कर रही है।