📅 Published on: November 15, 2026
Nizam Ansari
सिद्धार्थनगर जिले में छठ महापर्व के पवित्र अवसर पर एक दर्दनाक सड़क हादसे ने दो परिवारों की खुशियों को मातम में बदल दिया। लोटन कोतवाली क्षेत्र के करुआवल गांव के पास दो बाइकों की आमने-सामने हुई जोरदार टक्कर में चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद चारों घायलों को तुरंत मेडिकल कॉलेज सिद्धार्थनगर पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान दो लोगों की मौत हो गई। वहीं, अन्य दो घायलों का इलाज अभी भी जारी है।
बाजार जा रहे थे ससुर और दामाद
प्राप्त जानकारी के अनुसार, महाराजगंज जिले के धनरामपुर निवासी 40 वर्षीय मनोहर अपने ससुर, सिद्धार्थनगर के ककरामा निवासी करीब 50 वर्षीय चिनक लोधी के साथ बाइक पर सवार होकर छठ पूजा का सामान खरीदने के लिए नौगढ़ जा रहे थे।
दूसरी बाइक पर महाराजगंज के बरवा भोज निवासी 20 वर्षीय आकाश कुमार गौड़ और 17 वर्षीय अंकित गौड़ सवार थे, जो सिद्धार्थनगर से अपने घर वापस लौट रहे थे।
इलाज के दौरान दो ने ताड़ा दम
करुआवल गांव के समीप दोनों तेज रफ्तार बाइकें आमने-सामने टकरा गईं, जिससे चारों लोग सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। आनन-फानन में सभी को मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने चिनक लोधी और आकाश कुमार गौड़ को मृत घोषित कर दिया।
वहीं, गंभीर रूप से घायल मनोहर को बेहतर इलाज के लिए बीआरडी मेडिकल कॉलेज, गोरखपुर रेफर कर दिया गया है। दूसरे घायल अंकित का इलाज सिद्धार्थनगर मेडिकल कॉलेज में चल रहा है, और उसकी हालत भी चिंताजनक बनी हुई है।
परिवारों में छाया मातम
त्योहार के दिन हुई इस अचानक दुर्घटना से मृतकों के घरों में कोहराम मच गया है। छठ पर्व की उमंग और उत्साह पलभर में आंसुओं और सन्नाटे में तब्दील हो गई। इस दुखद हादसे के बाद से दोनों गांवों में शोक की लहर दौड़ गई है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।