मंगलवार को पार्टी कार्यालय पर एक प्रेस वार्ता में पीसीसी सदस्य उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी, कांग्रेस नेत्री माया सिंह भास्कर ने कहा कि मणिपुर 75 दिनों से जल रहा है। जिसमें अब तक लगभग 100 लोगों की जान चली गई है। हजारों लोगों के घर जला दिए गए। लेकिन मणिपुर की सरकार हिंसा रोकने का कोई ठोस उपाय नहीं कर रही है और न ही प्रधानमंत्री जी मणिपुर हिंसा के खिलाफ एक शब्द बोल रहे हैं। पिछले दिनों जब मणिपुर की दो बेटियों को निर्वस्त्र कर खुलेआम घुमाया गया, जिसके वज़ह से पूरी दुनिया में हमारा देश भारत शर्मशार हुआ। एक महिला होने के नाते उनकी पीड़ा को मैं समझ सकती हूं। कांग्रेस पार्टी के विरोध करने के पश्चात तब जाकर प्रधानमंत्री की चुप्पी टूटी। उन्होंने कहा कि मणिपुर सरकार वहां की जनता का विश्वास खो चुकी है। इसलिए महामहिम राष्ट्रपति को तत्काल मणिपुर सरकार को बर्खास्त कर वहां राष्ट्रपति शासन लगा देना चाहिए। कांग्रेस नेत्री माया सिंह भास्कर ने कहा कि पीएम अपनी विदेश यात्राओं में व्यस्त हैं। प्रधानमंत्री की इस निष्ठुरता का जवाब देश की जनता 2024 में केन्द्र सरकार को उखाड़ कर दे देगी। अंत में उन्होंने मांग करते हुए कहा कि मणिपुर में शांति व्यवस्था की बहाली के लिए ठोस कदम उठाया जाए। जिससे दोबारा इस तरह की घटना वहां न होने पाए। उन्होंने महिलाओं के सुरक्षा के लिए सख्त कानून बनाए जाने की भी मांग की है।