📅 Published on: May 9, 2024
Kapilvastupost
बिस्कोहर। त्रिलोकपुर थाना क्षेत्र के गौरा बड़हरी गांव में मंगलवार की आधी रात चोरों ने दो घरों को निशाना बनाया और नकदी, जेवरात व कीमती सामान आदि उठा ले गए। चोरी की जानकारी परिवार वालों को सुबह में हुई। थाना पुलिस को मामले की जानकारी दी गई। पुलिस ने पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।
क्षेत्र के गौरा बड़हरी गांव निवासी रामकरन यादव ने बताया कि मंगलवार रात में पूरा परिवार सोया था। देर रात चोर छत के रास्ते घर में घुसे और कमरे का दरवाजा खोलकर बॉक्स, अटैची व बैग में अनाज बेचकर रखे करीब 80 हजार रुपये और बहन व पत्नी के करीब दो लाख रुपये की कीमत के आभूषण उठा ले गए।
सुबह तीन बजे के करीब जब पड़ोसी के घर चोरी होने का शोर सुना तब अपने घर में भी चोरी होने की जानकारी हुई।
एक ही रात में दो घरों में चोरी की वारदात को दिया अंजाम
राम करन यादव के घर के बगल राम कृपाल मौर्य के यहां भी चोर छत के मार्ग से घर में घुस कर कमरे की कुंडी खोलकर अंदर दाखिल हुए और बक्से व अटैची को घर के पिछले हिस्से में स्थित तालाब के पास ले जाकर उसमें रखे 10 हजार रुपये और करीब 40 हजार के जेवरात लेकर फरार हो गए।
पीड़ित राम कृपाल के बेटे ठाकुर प्रसाद मौर्य ने बताया कि वारदात के वक्त वह छत पर ही सोया था और छत का दरवाजा उसने बाहर से बिना ताला लगाए बंद कर दिया था।
मेरी मौसी गुड़िया घर के बीच सीढ़ी पास सोई थीं। रात करीब तीन बजे मौसी जगीं तो देखा कि कमरे के के मेरी साथ पीछे का दरवाजा खुला है, और बक्सा व अटैची कमरे से गायब हैं और अन्य सामान कमरे में बिखरा हुआ है।