सिद्धार्थ नगर – बेकाबू कार ने युवक को रौंदा अस्पताल पहुंचते पहुंचते मौत

kapilvastupost 

इटवा थाना क्षेत्र के इटवा-बेलवा मार्ग के मैना चौराहे पर शनिवार रात बेकाबू कार ने सड़क के बगल खड़े एक युवक को रौंद दिया। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गया। जिला अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मृतक के पिता की तहरीर पर पुलिस ने केस दर्जकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

मैना गांव निवासी राधेश्याम (24) पुत्र संतराम गांव के ही चौराहे पर पान की गुमटी चलाता था। प्रतिदिन की तरह शनिवार रात में पान की गुमटी बंद करके अपने गांव के लवकुश चौधरी के साथ बाइक पर बैठकर घर जा रहा था। रास्ते लवकुश चौधरी को लघुशंका लगी तो वह सड़क के किनारे बाइक खड़ी करके लघुशंका करने चला गया।

राधेश्याम बाइक के पास खड़ा होकर उसके आने का इंतजार कर रहा था। इस दौरान बेलवा की तरफ से आई बेकाबू कार ने बाइक समेत राधेश्याम को रौंद दिया। घटना में राधेश्याम गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे को देखकर कार चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया।

मौके पर जुटे ग्रामीणों की मदद से आनन-फानन में घायल राधेश्याम को इटवा सीएचसी ले जाया गया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद राधेश्याम की हालत नाजुक देख डॉक्टरों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल में इलाज के दौरान देर रात उसकी मौत हो गई। मौत को लेकर उसके परिवार में कोहराम मच गया।

पुलिस ने अस्पताल से शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थानाध्यक्ष इटवा संतोष कुमार तिवारी ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मृतक के पिता की तहरीर पर केस दर्जकर लिया गया है। कार पुलिस कस्टडी में है। चालक की तलाश की जा रही है।