📅 Published on: September 11, 2024
शिक्षकों का शोषण नही होगा बर्दाश्त- राधे रमण
Amir Rizvi
डुमरियागंज। डुमरियागंज स्थित पूर्व माध्यमिक विद्यालय के परिसर में बुधवार को उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ की एक बैठक आयोजित की गई। जिसमें सदस्यता अभियान एवं शिक्षकों से जुड़ी समस्याओं पर चर्चा की गई। संगठन से जुड़ने के लिए शिक्षकों से अपील की गई।
बैठक को संबोधित करते हुए उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के प्रांतीय वरिष्ठ उपाध्यक्ष एवं जिलाध्यक्ष राधे रमण त्रिपाठी ने कहा कि शिक्षक अपने-अपने विद्यालयों में बेहतर पठन-पाठन कार्य करने के लिए तत्पर है लेकिन विभागीय अधिकारियों व अन्य की जांच के दौरान हल्के-फुल्की कमी पाए जाने के बाद उन पर कार्रवाई की जा रही है जो उचित नहीं है।
अगर किसी विद्यालय के अभिलेख व शिक्षकों की अनुपस्थिति के मामले में कोई कमी मिले तो उन पर मौके पर कार्रवाई न करते हुए स्पष्टीकरण लिया जाय। जांच उपरांत ही कार्रवाई की जाए।
उन्होंने आगे कहा कि संगठन के अभिलेखीकरण की तैयारी की जा रही है। संगठन की सदस्यता अभियान को लेकर अलग-अलग जिम्मेदारी पदाधिकारी को सौंपी गई है। वर्ष 2024 का सदस्यता अभियान चलाये जाने पर जोर दिया जा रहा है।
इस मौके पर बैठक की अध्यक्षता कर रहे ब्लॉक अध्यक्ष दिनेश सिंह ने कहा कि परिषदीय विद्यालयों में स्थित आंगनबाड़ी केंद्रों पर राशन व कन्वर्जन कास्ट को लेकर समस्या आ रही है जिसका निदान आवश्यक है।
इस संबंध में संबंधित अधिकारियों से वार्ता की गई है। उन्होंने यह भी कहा कि संगठन के सदस्यता अभियान को लेकर शिक्षकों से संपर्क किया जा रहा है।
इस मौके पर राम प्रकाश मिश्रा, नसीम अहमद ,अखिलेश चौधरी, अंकित यादव, कुलदीप, रमेश तिवारी ,मोहम्मद सलीम, आकाश ,धर्मराज दुबे ,नितिन कुमार, विनोद कुमार, तेजवीर, अजीत कोरिया आदि लोग मौजूद रहे।