सड़क हादसे में दो युवकों की दर्दनाक मौत, पीड़ित परिवारों से मिलने पहुंचे विधायक विनय वर्मा, बंधाया ढांढस

निज़ाम अंसारी , शोहरतगढ़ (सिद्धार्थनगर)

शोहरतगढ़ थाना क्षेत्र के चेतिया मार्ग पर नकथर प्राथमिक विद्यालय के पास सोमवार शाम को दो बाइक की आमने-सामने भीषण भिड़ंत हो गई। इस दर्दनाक सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल दोनों युवकों की इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्रीय विधायक विनय वर्मा तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) पहुंचे और शोक संतप्त परिजनों से मिलकर गहरा दुख व्यक्त किया।

सड़क हादसे में दो परिवारों के चिराग बुझे

प्राप्त जानकारी के अनुसार, सोमवार शाम करीब 6 बजे चेतिया मार्ग पर नकथर प्राथमिक विद्यालय के पास दो बाइकों में जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों बाइक सवार सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए और वाहन क्षतिग्रस्त हो गए।

स्थानीय लोगों और एंबुलेंस की मदद से दोनों घायलों को शोहरतगढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां डॉ. एस.के. भारती की टीम ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया।

मृतकों की पहचान: इंद्रजीत (35 वर्ष): निवासी दोहरिया, थाना शोहरतगढ़। (इंद्रजीत अपने ससुराल जोगीबारी से वापस घर लौट रहे थे। उनके दो छोटे बेटे और एक बेटी हैं।) लालचंद (22 वर्ष): निवासी गौराडीह डोभा, थाना मिश्राउलिया। (लालचंद अपने पिता परशुराम और मां मन्नादेवी को शोहरतगढ़ रेलवे स्टेशन छोड़कर घर लौट रहे थे।)

मौत की खबर मिलते ही अस्पताल पहुंचे परिजनों के चीख-पुकार से माहौल अत्यंत गमगीन हो गया।

विधायक विनय वर्मा ने परिजनों को बंधाया ढांढस, निजी वाहन से भेजा घर

हादसे की जानकारी मिलते ही शोहरतगढ़ विधायक विनय वर्मा तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे। उन्होंने रोते-बिलखते परिजनों को चुप कराया, सांत्वना दी और इस कठिन समय में हर संभव सरकारी व व्यक्तिगत सहायता का आश्वासन दिया।

विधायक विनय वर्मा ने संवेदनशीलता का परिचय देते हुए मृतक लालचंद के परिजनों को उनके गांव (गौराडीह डोभा) सुरक्षित पहुंचाने के लिए अपना निजी वाहन उपलब्ध कराया। इसके बाद विधायक स्वयं पुलिस वाहन से अपने गड़कुल स्थित आवास के लिए रवाना हुए।

पुलिस कर रही है मामले की जांच

घटना की सूचना पर पहुंची शोहरतगढ़ पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थाना अध्यक्ष शेषमणि पांडेय ने बताया कि पुलिस हादसे के कारणों की गहनता से जांच कर रही है।