इटवा में सनसनीखेज वारदात: शराब पीने का विरोध करने पर वंशीलाल की चाकू गोदकर हत्या, 12 लोगों पर केस दर्ज

Kapilvastupost

इटवा (सिद्धार्थनगर): कोतवाली क्षेत्र के परसा बुजुर्ग गांव में शनिवार की रात एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। शराब पीकर गाली-गलौज करने का विरोध करने पर दबंगों ने 42 वर्षीय वंशीलाल पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर उनकी हत्या कर दी। इस सनसनीखेज वारदात के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है। पुलिस ने मृतक की पत्नी की तहरीर पर नामजद 12 लोगों के खिलाफ हत्या समेत विभिन्न गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।

गाली-गलौज का विरोध करने पर हुआ खूनी संघर्ष

पुलिस को दी गई तहरीर के मुताबिक, परसा बुजुर्ग गांव निवासी वंशीलाल पुत्र मान सिंह शनिवार रात अपने घर पर मौजूद थे। इसी दौरान गांव के कुछ लोग शराब के नशे में उनके घर के पास पहुंचे और अकारण गाली-गलौज करने लगे।

वंशीलाल ने जब उनकी इस हरकत का विरोध किया तो आरोपित भड़क गए और विवाद बढ़ाने लगे। देखते ही देखते बात इतनी बढ़ गई कि आरोपितों ने धारदार चाकू से वंशीलाल पर हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से लहूलुहान होकर गिर पड़े।

बीच-बचाव करने आए भाई को भी पीटा

भाई पर जानलेवा हमला होता देख कमलेश बीच-बचाव करने के लिए दौड़े, तो आरोपितों ने उनके साथ भी मारपीट की, जिससे उन्हें भी चोटें आईं। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। परिजन और ग्रामीण आनन-फानन में वंशीलाल को लेकर इटवा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

इन लोगों पर दर्ज हुआ केस, पुलिस हिरासत में कुछ आरोपित

इस मामले में पुलिस ने मृतक की पत्नी संगीता की तहरीर पर गांव के ही रोहित, चिंकू, अर्जुन, गोविंद, राजमन, राजमन की पत्नी (नाम अज्ञात), जल्ली, पिंकी, खुशबू, लक्ष्मी, समती और सोनी के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया है।

घटना को लेकर इटवा के थानाध्यक्ष अनिल कुमार दुबे ने बताया कि पुलिस ने नामजद आरोपियों में से कुछ को हिरासत में ले लिया है और उनसे पूछताछ की जा रही है। सभी आरोपियों की भूमिका की गहन जांच की जा रही है तथा शीघ्र ही अन्य को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।