सिद्धार्थ नगर – छेड़ छाड़ की सूचना पर पहुंचे पुलिस वालों को बनाया बंधक , गिरफ़्तारी नहीं होने से पुलिस पर उठ रहा सवाल

kapilvastupost 

सिद्धार्थनगर, लोटन कोतवाली क्षेत्र के धरमौली गांव में मंगलवार शाम छेड़खानी के मामले की जानकारी करने गए दो पुलिस कर्मियों का मोबाइल छीनकर ग्रामीणों ने बंधक बना लिया था। बंधक बने पुलिस कर्मी की तहरीर पर कोतवाली में 18 लोगों के खिलाफ केस दर्ज लिया गया था। पर नामजद आरोपियों में से अब तक एक की भी गिरफ्तारी पुलिस नहीं कर सकी है।

महराजगंज जिले के कोल्हुई निवासी एक व्यक्ति अपनी पत्नी व बहन को बाइक से लेकर धरमौली के रास्ते जा रहा था। धरमौली गांव के कुछ लोगों ने उसकी बहन व पत्नी के साथ छेड़खानी करनी शुरू कर दी थी पुलिस चौकी हरिबंशपुर पर पहुंच कर उसने शिकायत कर दी थी।

चौकी के सिपाही जयहिंद यादव व रामप्रवेश मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच के लिए धरमौली गांव गए थे। साथ में शिकायतकर्ता को ले गए थे लेकिन उसे गांव के बाहर ही रोक दिया था।

इस बीच गांव के कुछ लोग शिकायतकर्ता को मारने पीटने लगे। दोनों सिपाहियों ने उसे बचा तो लिया लेकिन नाराज ग्रामीणों ने दोनों सिपाहियों को एक कमरे में बंद कर बंधक बनाकर मोबाइल छीन लिया था।

सूचना के बाद लोटन कोतवाल मौके पर पहुंच गए थे और दोनों सिपाहिया को छुड़ा दिया था। पुलिस ने सिपाही जयहिंद यादव की तहरीर पर 18 आरोपियों के खिलाफ धारा 191(2), 121(1), 132, 127(2), 221, 352,134 बीएनएस व 325 ए 31द एससी एसटी एक्ट के तहत केस दर्ज कर लिया था। घटना के दो दिन गुजर जाने के बाद भी अब तक एक भी आरोपी की पुलिस गिरफ्तारी नहीं कर सकी |