📅 Published on: May 1, 2025
गुरु जी की कलम से
बढ़नी (सिद्धार्थनगर)।
विकास खंड बढ़नी परिसर में गुरुवार दोपहर करीब दो बजे सात पेड़ों की नीलामी की गई, लेकिन इस प्रक्रिया को लेकर जिम्मेदार अधिकारियों के जवाबों में स्पष्टता की कमी दिखाई दी। नीलामी बाल विकास परियोजना अधिकारी रविन्द्र कुमार यादव, वन निरीक्षक मंतराम और एमआई संतोष कुमार गुप्ता की मौजूदगी में की गई।
बाल विकास परियोजना अधिकारी रविन्द्र कुमार यादव ने बताया कि उन्हें केवल तीन लोगों की आवेदन जानकारी है, जबकि अन्य रिकॉर्ड खंड विकास अधिकारी को सौंपे जा चुके हैं।
वहीं एमआई संतोष कुमार ने सारा विवरण रविन्द्र कुमार के पास होने की बात कही। दूसरी ओर, वन निरीक्षक मंतराम ने बताया कि कुल सात पेड़ों की नीलामी 57 हजार रुपये में की गई है। इनमें कुछ पेड़ आंधी-तूफान से टूट गए थे जबकि कुछ पूरी तरह हरे-भरे थे।
खंड विकास कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार, शीशम, जामुन और सेमर जैसे पेड़ नीलामी में शामिल थे। नीलामी में पवन, विंध्याचल और शंभू नामक तीन व्यक्तियों ने बोली लगाई, जिसमें शंभू ने सबसे अधिक 57 हजार रुपये की बोली लगाकर नीलामी हासिल की। उन्हें हिदायत दी गई है कि तय धनराशि जमा कर पेड़ों का कटान कर सकते हैं।
हालांकि, इस प्रक्रिया में वन विभाग का कोई पंजीकृत ठेकेदार मौजूद नहीं था, जिससेपारदर्शिता और प्रक्रिया की वैधता को लेकर सवाल उठने लगे हैं।