📅 Published on: May 5, 2025
Kapilvastupost
त्रिलोकपुर थाना पुलिस ने रविवार को एक बड़ी कार्रवाई करते हुए खलिहान की जमीन को फर्जी तरीके से बेचने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। यह गिरफ्तारी लंबे समय से फरार चल रहे जालसाज़ ढुल्लुर पुत्र झिनकू के रूप में हुई, जिसने ग्राम समाज की जमीन को आबादी दिखाकर बेच दिया था।
थानाध्यक्ष मृत्युंजय पाठक के अनुसार, डुमरियागंज तहसील क्षेत्र के बघमरवा गांव निवासी ढुल्लुर ने खलिहान की जमीन (गाटा संख्या 151 घ, रकबा 0.226 हेक्टेयर) में से 0.024 हेक्टेयर जमीन मार्च 2021 में गांव की ही सहीदुन्निशा पत्नी मोहम्मद अली के नाम आबादी दिखाकर बैनामा कर दिया था।
इस फर्जीवाड़े की शिकायत गांव के ही अब्दुल पुत्र दीन मोहम्मद ने 24 अगस्त 2024 को थाना समाधान दिवस में की थी। राजस्व टीम की जांच में खुलासा हुआ कि उक्त जमीन ग्राम समाज की है और इसे धोखाधड़ी कर रजिस्ट्री कर दी गई थी। इसके बाद राजस्व निरीक्षक इंसाफ अली की तहरीर पर ढुल्लुर के खिलाफ आईपीसी की धाराओं 419, 420, 467, 468, 471 व सार्वजनिक संपत्ति क्षति निवारण अधिनियम की धारा 3/4 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था।
इस मामले में अफसरों की लापरवाही और भूमाफियाओं की मिलीभगत भी सामने आई है, जिससे खलिहान की जमीन को हड़पने का प्रयास हुआ। लंबे समय तक फरार रहने के बाद रविवार को पुलिस टीम ने भड़रिया गांव से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी करने वाली टीम में एसआई शिव नारायण सिंह, हेड कांस्टेबल फहीम अहमद और कांस्टेबल प्रदुम्न कुमार शामिल रहे।