Siddhartha nagar news – 15 हजार की रिश्वत मांगी, निर्दोषों को जेल भेजने की दी धमकी – चिल्हियां थाना के सिपाही का आतंक

Kapilvastupost

सिद्धार्थनगर (चिल्हियां)। पुलिस की वर्दी पर एक बार फिर दाग लग गया है। चिल्हियां थाना क्षेत्र से एक गंभीर मामला सामने आया है, जिसमें एक सिपाही पर 15 हजार रुपये रिश्वत मांगने का आरोप लगा है।

पूरा मामला अरमान और कल्लू नाम के दो युवकों के बीच हुए विवाद से जुड़ा है, जो थाने तक पहुंचा। लेकिन चौंकाने वाली बात यह रही कि पुलिस ने पीड़ित पक्ष को ही थाने में नजरबंद कर दिया। पीड़ित युवकों की मां ने मीडिया के सामने आकर पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए हैं।

महिला का आरोप है कि जब वह अपने बच्चों की रिहाई के लिए चिल्हियां थाने पहुंची तो वहां तैनात सिपाही आलोक यादव ने उनसे खुलेआम 15 हजार रुपये की मांग की। सिपाही ने धमकी दी कि अगर पैसे नहीं दिए गए तो उनके निर्दोष बच्चों को जेल भेज दिया जाएगा।

महिला ने इस व्यवहार को अन्यायपूर्ण बताते हुए कहा कि ऐसे भ्रष्ट पुलिसकर्मियों पर तुरंत सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि पुलिस विभाग का यह चेहरा आम जनता के विश्वास को तोड़ता है।

स्थानीय लोगों में भी इस घटना को लेकर भारी आक्रोश है। लोग मांग कर रहे हैं कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की जाए।

अब तक इस मामले में पुलिस विभाग की ओर से कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है। परंतु इस घटना ने जिले की कानून व्यवस्था और पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

जनता को अब इस बात का इंतजार है कि क्या इस मामले में वाकई न्याय होगा या एक बार फिर सिपाही वर्दी की आड़ में बच निकलेगा।