📅 Published on: May 16, 2025
Nizam Ansari
सिद्धार्थनगर। ढेबरुआ थाना क्षेत्र के घरुआर गांव में ग्राम प्रधान के पति राधेश्याम शर्मा के साथ मारपीट और जान से मारने की धमकी का मामला सामने आया है। इस संबंध में ढेबरुआ पुलिस ने डढ़उल गांव निवासी शेषराम यादव के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
थानाध्यक्ष गौरव सिंह ने बताया कि पीड़ित राधेश्याम शर्मा पुत्र गैलरी की तहरीर पर आरोपी शेषराम यादव पुत्र रामकरन के खिलाफ आईपीसी की धारा 323 (मारपीट), 504 (गाली-गलौज) और 506 (जान से मारने की धमकी) के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
शिकायत के अनुसार, 9 मई को राधेश्याम शर्मा डढ़उल पंचायत भवन में आयोजित चौपाल कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। वहां शेषराम ने उनसे पंचायत भवन की चाबी मांगी। मना करने पर आरोपी ने पहले उन्हें धमकाया और बाद में रास्ते में रोककर गाली-गलौज व मारपीट की। साथ ही जान से मारने की धमकी भी दी।
राधेश्याम शर्मा ने पुलिस से सुरक्षा की मांग करते हुए आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की गुहार लगाई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी प्रक्रिया अपनाई जा रही है।