बुद्ध की धरती से पाकिस्तान को शांति का संदेश, जरूरत पड़ी तो युद्ध से भी नहीं पीछे हटेगा भारत: केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर

Kapilvastupost

हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री और केंद्रीय ऊर्जा एवं शहरी विकास मंत्री मनोहर लाल खट्टर ने कहा कि कपिलवस्तु की पावन भूमि से विश्व को शांति, अहिंसा और करुणा का संदेश मिला है। अब यहां बनने जा रहे एक हजार सीटों की क्षमता वाले गौतम बुद्ध प्रेक्षागृह से एक बार फिर वैश्विक शांति का संदेश जाएगा। उन्होंने कहा कि यदि जरूरत पड़ी तो भारत युद्ध करके भी स्थाई शांति स्थापित करेगा।

गुरुवार को शहर के बीएसए ग्राउंड में आयोजित एक जनसभा में केंद्रीय मंत्री ने एक हजार क्षमता वाले प्रेक्षागृह का शिलान्यास किया। उन्होंने कहा कि हरियाणा की वह भूमि जहां श्रीकृष्ण ने गीता का उपदेश दिया, वहां भी यह संदेश दिया गया कि दुष्टों से युद्ध करके शांति लाई जाए। हमारी संस्कृति युद्ध को प्राथमिकता नहीं देती, परंतु यदि कोई आंख दिखाएगा तो भारत पीछे नहीं हटेगा।

उन्होंने कहा कि आकांक्षी जिलों के विकास के लिए केंद्र सरकार द्वारा विशेष योजनाएं चलाई जा रही हैं। पात्रों को प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत घर दिए जा रहे हैं, आयुष्मान भारत योजना से पांच लाख रुपये तक का मुफ्त इलाज, उज्ज्वला योजना के अंतर्गत महिलाओं को मुफ्त गैस कनेक्शन, मुद्रा योजना से युवाओं को रोजगार हेतु ऋण और पीएम श्री स्कूल योजना के माध्यम से गुणवत्तापूर्ण शिक्षा दी जा रही है।

कार्यक्रम में सांसद जगदंबिका पाल ने कहा कि प्रेक्षागृह के बनने से जिले को नई पहचान मिलेगी। यह निर्माण ऊर्जा मंत्रालय के पीएफसी, आरएसी और एनटीपीसी के सहयोग से सीएसआर मद से कराया जाएगा।

कार्यक्रम में ये लोग रहे मौजूद:
भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष एमएलसी धर्मेंद्र सिंह, विधायक विनय वर्मा, चेयरमैन गोविंद माधव सहित जिला प्रभारी हरिचरण कुशवाहा, बंधु उपेंद्र, राम कुमार कुंवर, नरेंद्र मणि त्रिपाठी, लालजी त्रिपाठी, दीपक मौर्य, दिलीप चतुर्वेदी, साधना चौधरी, शिवनाथ चौधरी, चिनकू यादव, राजेंद्र पांडेय, विजयकांत चतुर्वेदी, हेमंत जायसवाल, फतेह बहादुर सिंह, संजय सिंह, सौरभ पाल सिंह, कुंवर आनंद सिंह, पूजा पाल, अजय उपाध्याय, निशांत पांडेय, विपिन सिंह, एसपी अग्रवाल और सच्चिदानंद पांडेय उपस्थित रहे।