हादसे ने छीन ली हंसी, बाइक की टक्कर से छात्र की मौत – बाजार से लौटते वक्त हुआ दर्दनाक हादसा

Rashid bansi

खेसरहा थाना क्षेत्र के बेलौहा बाजार में शनिवार की देर शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में साइकिल सवार छात्र की जान चली गई। तेज रफ्तार बाइक ने पीछे से टक्कर मार दी, जिससे छात्र सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी।

सड़क हादसे में जान गंवाने वाला किशोर शुभम (17) पुत्र घनश्याम, संतकबीरनगर जिले के बेलहर थाना क्षेत्र के बरगदवा गांव का रहने वाला था। वह खेसरहा के महुआ गांव स्थित अपने मामा के घर रहकर विकास इंटर कॉलेज में कक्षा नौवीं में पढ़ाई कर रहा था।

शनिवार की शाम शुभम साइकिल से बेलौहा बाजार किसी काम से आया था और लौटते समय बाइक एजेंसी के पास एक तेज रफ्तार बाइक ने पीछे से टक्कर मार दी। हादसे के बाद बाइक सवार युवक मौके से बाइक छोड़कर फरार हो गया।

स्थानीय लोगों ने गंभीर रूप से घायल शुभम को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही मृतक के परिजन खेसरहा अस्पताल पहुंच गए, जहां का माहौल चीख-पुकार और मातम में बदल गया। शुभम तीन भाइयों में सबसे बड़ा था।

खेसरहा थानाध्यक्ष चंदन ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। फरार बाइक सवार की बाइक को कब्जे में ले लिया गया है। तहरीर मिलने के बाद मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जाएगी।