बांसी – तेज बारिश से कस्बे में जलभराव, नपा अध्यक्ष चमन आरा ने संभाली कमान, सफाई अभियान तेज ,जनता को राहत

Kapilvaatupost

सिद्धार्थनगर/बांसी
रविवार सुबह से हो रही लगातार मूसलाधार बारिश ने एक ओर जहां किसानों के चेहरों पर मुस्कान बिखेरी, वहीं दूसरी ओर नगर पालिका परिषद बाँसी क्षेत्र के मोहल्लों में जलजमाव ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी। नगर के आजाद नगर पावर हाउस के बगल, अशोक नगर और अन्य इलाकों में सड़कों पर गंदे पानी का जमावड़ा हो गया।

सबसे गंभीर स्थिति आजाद नगर पावर हाउस के पास देखने को मिली, जहां आधा-अधूरा नाली निर्माण छोड़कर ठेकेदार फरार हो चुका है। इससे हल्की बारिश में ही नाली का गंदा पानी सड़कों पर बहने लगता है, जिससे राहगीरों, स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और नौकरीपेशा लोगों को काफी दिक्कतें उठानी पड़ी।

कस्बे में जलभराव की स्थिति की सूचना पाकर तत्काल नगर पालिका परिषद बाँसी अध्यक्ष चमन आरा राईनी स्वयं फील्ड पर उतरीं। उन्होंने नगर पालिका कर्मचारियों के साथ मिलकर जलजमाव वाले स्थानों का निरीक्षण किया और तुरंत दो दो जे सी बी मशीनों के सहायता से सफाई कार्य शुरू करवाया।

बड़े नालों की वृहद सफाई शुरू
नगर पालिका अध्यक्ष चमन आरा ने बताया कि जलभराव की समस्या को स्थायी रूप से खत्म करने के लिए बड़े नालों की वृहद सफाई का कार्य युद्धस्तर पर शुरू करवा दिया गया है। अधूरे नाली निर्माण कार्यों को भी जल्द पूरा कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि नागरिकों को असुविधा से बचाने के लिए पूरा निकाय तंत्र एक्टिव है और सफाई कार्य लगातार जारी रहेगा।

नगरवासियों ने जताई राहत की उम्मीद
जलजमाव से परेशान नगरवासियों ने अध्यक्ष चमन आरा के निरीक्षण और सक्रियता की सराहना करते हुए उम्मीद जताई कि अब जल्द ही इस समस्या से उन्हें निजात मिलेगी।

बारिश से किसानों में खुशी, लेकिन नगर में आफत
एक ओर जहां बारिश से खेतों में हरियाली लौट आई है, वहीं नगर के अंदर जलभराव से आम जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। नगर पालिका प्रशासन द्वारा युद्धस्तर पर सफाई अभियान चलाए जाने से नागरिकों को दोपहर तक राहत मिल गई।