धान खरीद घोटाले में ₹25,000 का इनामिया आरोपी नरसिंह चौधरी गिरफ्तार, करोड़ों के गबन का खुलासा

सिद्धार्थनगर। संवाददाता – सरताज आलम

धान खरीद घोटाले में फरार चल रहे ₹25,000 के इनामिया आरोपी नरसिंह चौधरी को एसआईटी टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर लिया है। यह गिरफ्तारी सोमवार को डीआईजी बस्ती के निर्देश पर गठित एसआईटी टीम द्वारा कोतवाली क्षेत्र से की गई।

जानकारी के मुताबिक, आरोपी नरसिंह चौधरी पुत्र सन्तराम चौधरी निवासी अतर्दिया, पोस्ट अमरडीहा, थाना सोनहा, जनपद बस्ती का रहने वाला है। उसके खिलाफ थाना सिद्धार्थनगर में अपराध संख्या 162/2024 धारा 409, 467, 468, 471, 120 बी आईपीसी के तहत मुकदमा दर्ज है, जिसकी विवेचना क्षेत्राधिकारी शोहरतगढ़ सुजीत कुमार राय कर रहे हैं।

बताया जा रहा है कि आरोपी लंबे समय से फरार चल रहा था। डीआईजी बस्ती के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत एसआईटी टीम ने उसे धर दबोचा।

पूछताछ में आरोपी नरसिंह चौधरी ने चौंकाने वाला खुलासा करते हुए बताया कि पूर्व पीसीएस प्रबंधक अमित चौधरी ने विश्वास में लेकर पीसीएफ (PCF) के खाते से करीब दो करोड़ पच्चीस लाख रुपये उसके खाते में ट्रांसफर करवाए थे। इस संबंध में अलग से मुकदमे में जांच की जा रही है।

पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थनगर के निर्देश पर आरोपी के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी कर उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

एसआईटी टीम की इस कार्रवाई को धान खरीद घोटाले में बड़ी सफलता मानी जा रही है। पुलिस घोटाले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी गहराई से जांच कर रही है।