नेपाल के कृष्णानगर बार्डर पर चोरी की बाइक के साथ भारतीय युवक गिरफ्तार, जांच में जुटी पुलिस

गुरु जी की कलम से

बढ़नी/सिद्धार्थनगर।

भारत-नेपाल सीमा पर अपराध रोकने के लिए सख्त निगरानी के बीच नेपाल पुलिस ने एक भारतीय युवक को चोरी की मोटरसाइकिल के साथ गिरफ्तार किया है। घटना रविवार की दोपहर करीब 3:30 बजे की बताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार, नेपाल के कपिलवस्तु जिले के कृष्णानगर नगरपालिका वार्ड नंबर-02 स्थित यात्री गेट के पास नेपाल पुलिस ने 25 वर्षीय सोनू कुर्मी निवासी लाजा बाजार, खड्डा, जिला कुशीनगर (उत्तर प्रदेश) को चोरी की बाइक के साथ पकड़ा।

पुलिस उपाधीक्षक मोहनमणि अधिकारी ने बताया कि युवक को हिरासत में लेकर क्षेत्रीय पुलिस कार्यालय कृष्णानगर ले जाया गया है, जहां उससे गहन पूछताछ की जा रही है। अधिकारी ने कहा कि कपिलवस्तु जिला न्यायालय से रिमांड मिलने के बाद पूछताछ की प्रक्रिया आगे बढ़ाई गई है।

पुलिस के अनुसार, रविवार दोपहर करीब 3 बजे कृष्णानगर नगरपालिका वार्ड-11 सरफर निवासी रामनाथ चौधरी की बाइक चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई गई थी। शिकायत मिलते ही नेपाल पुलिस ने तलाशी अभियान चलाया।

तलाशी के दौरान कृष्णानगर-1 के मड़हा क्षेत्र में आरटीओ रोड अनुभाग से चोरी गई नीले रंग की बजाज डिस्कवर मोटरसाइकिल (नम्बर प्लेट लु 22 पीए 7497) बरामद की गई। आरोपी युवक सोनू कुर्मी को उसी बाइक के साथ गिरफ्तार किया गया।

नेपाल पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है, साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि आरोपी का किसी संगठित गिरोह से संबंध है या नहीं।