📅 Published on: July 7, 2025
संगठन की मजबूती और सदस्यता अभियान पर डुमरियागंज में हुई बैठक, दर्जनों लोगों ने थामा पार्टी का दामन
सरताज आलम
डुमरियागंज/सिद्धार्थनगर।
अपना दल (एस) संगठन को पंचायत स्तर तक मजबूत करने के अभियान के तहत सोमवार को डुमरियागंज विधानसभा क्षेत्र के बेवा चौराहे पर जनचौपाल एवं मासिक बैठक का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता पार्टी के जिलाध्यक्ष श्यामसुंदर चौधरी ने की। इस दौरान संगठन विस्तार, सदस्यता अभियान और आगामी चुनावी रणनीति पर विशेष चर्चा की गई।
जिलाध्यक्ष श्यामसुंदर चौधरी ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि पार्टी की असली ताकत उसके कार्यकर्ता हैं। संगठन तभी मजबूत होगा जब हर पंचायत, हर बूथ पर पार्टी के सक्रिय और समर्पित कार्यकर्ता मौजूद रहेंगे। उन्होंने कहा कि सदस्यता अभियान के जरिए ज्यादा से ज्यादा लोगों को पार्टी से जोड़ा जाए, ताकि आगामी विधानसभा चुनाव में अपना दल (एस) निर्णायक भूमिका निभा सके।
उन्होंने महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने पर भी जोर दिया। चौधरी ने कहा कि समाज के हर वर्ग, विशेषकर महिलाओं को संगठन से जोड़ना पार्टी की प्राथमिकता है।
वहीं, अपना दल (एस) युवा मंच के जिलाध्यक्ष विनय जायसवाल ने कहा कि विपक्षी दल भ्रम फैलाकर जनता को गुमराह करने में लगे हैं, लेकिन जनता अपना दल (एस) की नीतियों में भरोसा जता रही है।
चौपाल के दौरान दर्जनों लोगों ने सदस्यता फार्म भरकर पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। कार्यक्रम में अल्पसंख्यक मंच की जिलाध्यक्ष अराजुन्निशा, भीखीराम वर्मा, मोहम्मद मुकीम, सुशील दूबे, महमूद आलम, मोहम्मद कामिल, मुख्तार शाह, तनवीर आलम, अब्दुर्रहमान शाह, अकबर अली समेत सैकड़ों कार्यकर्ता एवं क्षेत्रवासी मौजूद रहे।
पार्टी नेताओं ने लोगों से आह्वान किया कि संगठन को पंचायत स्तर तक मजबूत बनाने के लिए सभी कार्यकर्ता एकजुट होकर काम करें।