📅 Published on: July 7, 2025
सिद्धार्थनगर।
नौगढ़ क्षेत्र के काका पैलेस में बीते 4 जून 2025 को शादी समारोह के दौरान बड़ी चोरी की घटना सामने आई है। मामले में एक माह बाद भी कोई पुलिस कार्रवाई न होने से पीड़ित परिवार में आक्रोश व्याप्त है। पीड़िता मधुबाला पत्नी मुन्नू लाल श्रीवास्तव, निवासी बर्डपुर नंबर-11, टोला सोनपुर, तहसील नौगढ़ ने पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थनगर को प्रार्थना पत्र देकर न्याय की गुहार लगाई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मधुबाला की पुत्री नेहा श्रीवास्तव की शादी समारोह काका पैलेस नौगढ़ में आयोजित था। समारोह में सभी मेहमान शामिल थे, उसी दौरान नेहा श्रीवास्तव के कीमती जेवरात व अन्य सामान चोरी हो गया। चोरी गए सामान में तीन कान के झाल, एक चैन व लॉकेट, एक मंगलसूत्र, चार जोड़ी बिछिया, एक मोबाइल फोन (मोबाइल नंबर- 8115811736) व ₹2000 नकद शामिल हैं।
पीड़िता का आरोप है कि चोरी की पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड है, बावजूद इसके घटना के एक माह बीत जाने के बाद भी पुलिस ने कोई ठोस कदम नहीं उठाया। पीड़िता ने काका पैलेस के मैनेजर व सफाईकर्मियों पर चोरी की साजिश रचने का संदेह जताया है। उन्होंने बताया कि उसी रात अन्य कमरों में भी चोरी हुई थी, जिसका प्रमाण टेरेस पर मिला खाली बैग है, जिसमें से सभी कीमती सामान गायब था।
पीड़िता ने पुलिस से जल्द कार्रवाई कर दोषियों को पकड़ने और चोरी गए सामान की बरामदगी की मांग की है। फिलहाल पुलिस प्रशासन की ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है। घटना के खुलासे का क्षेत्रीय लोग भी इंतजार कर रहे हैं।