📅 Published on: August 17, 2025
गुरु जी की कलम से
सिद्धार्थनगर। समाजवादी पार्टी की सरकार में वर्ष 2017 में शुरू हुआ सेमरा भूतहवा में आईटीआई कॉलेज का निर्माण कार्य पूर्ण होने के बाद भी कक्षाओं का संचालन शुरू नहीं हो सका। रविवार को जिलाधिकारी डॉ. राजा गणपति आर ने इटवा स्थित नव-निर्माण आईटीआई कॉलेज का निरीक्षण किया और निर्माण एजेंसी को सख्त निर्देश दिए।
डीएम ने कहा कि 24 नवम्बर 2025 तक कॉलेज का निर्माण हर हाल में पूरा होना चाहिए, ताकि शिक्षा सत्र बिना देरी के शुरू कराया जा सके। उन्होंने मौके पर मौजूद अधिकारियों को कार्य की गति तेज करने और गुणवत्ता से किसी भी तरह का समझौता न करने का निर्देश दिया।
कचरा निस्तारण का मुद्दा भी उठा
निरीक्षण के बाद जब मीडिया कर्मियों ने नगर पंचायत इटवा बाजार में जगह-जगह फैली गंदगी और खुले में कचरा फेंके जाने का मुद्दा उठाया, तो डीएम ने तत्काल संज्ञान लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से इस पर बात करने और व्यवस्था सुधारने का आश्वासन दिया।
बताते चलें कि इटवा-बढ़नी रोड पर लंबे समय से कचरे के अंबार की समस्या बनी हुई थी। जैसे ही डीएम के दौरे की सूचना मिली, नगर पंचायत ने आनन-फानन में जेसीबी मशीन लगवाकर कचरे का उठान शुरू करा दिया।