बांसी-इटवा मार्ग पर बड़ा हादसा : तेज रफ्तार कार ने बाइक सवारों को मारी टक्कर, तीन गंभीर

Kapilvastupost

गोल्हौरा, हिन्दुस्तान संवाद। बांसी-इटवा मार्ग पर विशुनपुर नर्सरी के पास शनिवार देर रात तेज रफ्तार कार ने दो बाइकों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बांसी में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है।

घायलों की पहचान विशुनपुर निवासी गोलू (20 वर्ष), मझवन खुर्द गांव निवासी अर्जुन (16 वर्ष) व अरुण (15वर्ष) के रूप में हुई है। चिकित्सकों के अनुसार तीनों की हालत चिंताजनक बनी हुई है।

प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि कार तेज रफ्तार में थी और चालक अचानक नियंत्रण खो बैठा, जिससे यह दुर्घटना हुई। घटना के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई।

थाना प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार गुप्त ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और कार व बाइक को कब्जे में ले लिया गया है। अभी तक कोई तहरीर नहीं मिली है, तहरीर मिलने पर विधिक कार्रवाई की जाएगी।

इधर घटना की जानकारी मिलते ही घायलों के परिजनों में कोहराम मच गया।