📅 Published on: August 18, 2025
कोतवाली परिसर में सजी श्रीकृष्ण झांकी, जन्माष्टमी पर भक्ति व आस्था का संगम
Kapilvastupost
सिद्धार्थनगर। जन्माष्टमी के पावन अवसर पर शनिवार की रात कोतवाली परिसर में भक्ति और आस्था का अनोखा संगम देखने को मिला। रोशनी से नहाई श्रीकृष्ण झांकी ने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। देर रात तक भजन-कीर्तन, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां और जीवंत झांकियों ने लोगों को भक्ति रस में डुबोए रखा।
इस मौके पर विधानसभा में विपक्ष के नेता माता प्रसाद पांडेय , इदरीस राईनी व युवा नेता जमील सिद्दीकी भी मौजूद रहे।
माता प्रसाद पांडेय ने कहा, भगवान श्रीकृष्ण का जीवन हम सभी के लिए आदर्श है। उनकी शिक्षा हमें धर्म, सत्य और न्याय के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देती है। इस तरह के आयोजन समाज को जोड़ने और सांस्कृतिक धरोहर को संजोने का कार्य करते हैं।
रात 10:30 बजे पहुंचे विधायक जयप्रकाश सिंह ने भी झांकी का दर्शन किया और आयोजकों की प्रशंसा की। श्रीकृष्ण-सुदामा की मित्रता पर आधारित जीवंत प्रस्तुति आकर्षण का केंद्र रही।
पूरा नगर भक्ति ध्वनि से गूंज उठा। ग्रामीण अंचलों में भी जन्माष्टमी का पर्व उल्लासपूर्वक मनाया गया। सीओ बंसी, नपा अध्यक्ष मोहम्मद सिराजुद्दीन, एडवोकेट रामसरन सहित कई गणमान्य लोग कार्यक्रम में शामिल रहे।