📅 Published on: August 19, 2025
Kapilvastupost
सिद्धार्थनगर। जिले की कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाते हुए एक सनसनीखेज वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। त्रिलोकपुर थाना क्षेत्र के पड़िया चौराहे का यह वीडियो 16 अगस्त, कृष्ण जन्माष्टमी की रात का बताया जा रहा है। इसमें तीन युवकों को बिजली के खंभे से बांधकर बेरहमी से पीटा जाता दिख रहा है।
वायरल वीडियो में डुमरियागंज के केदारनाथ कॉलोनी निवासी आयुष मिश्रा, मनीष और इशांत रस्सियों से बंधे नजर आ रहे हैं। उनके शरीर पर चोट के गंभीर निशान साफ देखे जा सकते हैं।
पीड़ित आयुष मिश्रा के पिता ने इस मामले में त्रिलोकपुर थाने में नामजद तहरीर दी है। तहरीर में पड़िया गांव निवासी इंद्रेश पांडेय, अनूप पांडेय, चंदन पांडेय, सचिन पांडेय और तुषाल पांडेय पर आरोप लगाया गया है कि डीजे पर नाचने को लेकर हुए मामूली विवाद में उन्होंने आयुष व उसके दोस्तों को बांधकर बेरहमी से पीटा।
बताया जा रहा है कि आयुष मिश्रा अपने दोस्तों के साथ चाचा के घर आया था, तभी यह वारदात हुई।
इस घटना ने जिले की कानून व्यवस्था पर बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है। स्थानीय लोग कह रहे हैं कि प्रशासन और शासन की लापरवाही के कारण अपराधी बेखौफ होकर ऐसी घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं।