सिद्धार्थनगर। मंगलवार की सुबह अशोक मार्ग पर टहल रहे सिपाही को किसी अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की खबर मिलते ही पुलिस विभाग में शोक की लहर दौड़ गई।
जानकारी के अनुसार, देवरिया जिले के भलुवनी थाना क्षेत्र के गांव गड़ेर निवासी बिहारी लाल यादव (50) पुत्र अवतार यादव, एक माह पूर्व महराजगंज से स्थानांतरण होकर जिले में आए थे। मंगलवार की सुबह वह अशोक मार्ग पर मार्निंग वॉक कर रहे थे। न्यायालय गेट के समीप अचानक किसी अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े।
राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने उन्हें मेडिकल कॉलेज पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना पाकर परिजन भी मौके पर पहुंच गए।
शव का पोस्टमॉर्टम कराकर पुलिस लाइंस लाया गया, जहां पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिषेक महाजन ने सिपाही को कंधा देकर श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद शव को वाहन से उनके पैतृक गांव भेज दिया गया। इस दौरान एएसपी प्रशांत कुमार प्रसाद, आरआई भूतनाथ समेत पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी मौजूद रहे।