📅 Published on: August 23, 2025
यह पार्क ग्राम पंचायत चौरई द्वितीय ही नहीं, बल्कि आसपास के गांवों के लोगों के लिए भी बड़ी राहत और आनंद का स्थान बनने जा रहा है।
kapilvastupost
सिद्धार्थनगर 23 अगस्त 2025।
उस्का बाजार विकास खंड के ग्राम पंचायत चौरई द्वितीय को आज एक बड़ी सौगात मिली। श्रम एवं सेवायोजन मंत्री तथा जनपद प्रभारी मंत्री अनिल राजभर ने सांसद जगदंबिका पाल के साथ मिलकर नव निर्मित पार्क का उद्घाटन किया।
करीब 60 लाख की लागत से बने इस पार्क में स्थानीय लोगों की सुविधाओं को ध्यान में रखकर कई इंतजाम किए गए हैं। पार्क में ओपेन जिम, बच्चों के लिए झूले, टहलने का ट्रैक, हरियाली को बढ़ावा देने के लिए पेड़-पौधे और सार्वजनिक शौचालय जैसी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं।
उद्घाटन समारोह के दौरान माहौल बेहद उत्साहपूर्ण रहा। ग्रामीणों ने मंत्रियों और अधिकारियों का स्वागत करते हुए खुशी जताई। स्थानीय लोग मानते हैं कि इस पार्क से गांव की सौंदर्यता बढ़ेगी और बच्चों तथा युवाओं को खेलकूद की बेहतर सुविधा मिलेगी।
कार्यक्रम में ब्लॉक प्रमुख ललावती देवी, बीडीओ ओमप्रकाश गुप्ता, ग्राम प्रधान अर्जुन कुमार, सचिव जामवंत, रामसुरेश चौहान और राम भरोस चौहान सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
मंत्री अनिल राजभर ने कहा कि सरकार गांवों के विकास और जनता की भलाई के लिए लगातार काम कर रही है। वहीं सांसद जगदंबिका पाल ने कहा कि इस पार्क के बन जाने से ग्रामीणों को शहर जैसी सुविधा अपने गांव में मिलेगी।
ग्रामीणों ने भी खुशी जाहिर करते हुए कहा कि पार्क से बच्चों और बुजुर्गों को मनोरंजन व स्वास्थ्य लाभ एक साथ मिलेगा। यह पार्क आने वाले समय में पूरे क्षेत्र के लिए आकर्षण का केंद्र बनेगा।