📅 Published on: August 23, 2025
किसानों को खाद देने के बजाय उनपर लाठियां बरसाईं जा रही है यह मामला फिलहाल जिले में चर्चा का विषय बना हुआ है और किसानों का गुस्सा शांत होता नहीं दिख रहा।
Kapilvastupost
सिद्धार्थनगर।
शनिवार को शोहरतगढ़ तहसील क्षेत्र के करिहिया टोला गुजरौलिया स्थित सघन सहकारी समिति पर खाद वितरण के दौरान अफरा-तफरी मच गई। सुबह से ही सैकड़ों किसान यूरिया और डीएपी के लिए लाइन में लगे थे। धूप में घंटों इंतजार के बाद भी खाद न मिलने से नाराज किसानों ने विरोध शुरू किया। इसी बीच मौके पर पहुंचे पुलिस दल ने लाइन में खड़े किसानों पर अचानक लाठियां बरसा दीं। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक पुलिस ने केवल लाठीचार्ज ही नहीं किया बल्कि किसानों को थप्पड़ और घूंसे भी मारे गए।
लाठीचार्ज से कई किसान घायल हो गए, जिनके हाथ-पैर और सिर पर चोटें आईं। अफरा-तफरी के बीच भगदड़ मच गई और कई किसान जमीन पर गिर पड़े। घायल किसानों को प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से चोटिल लोगों को अस्पताल ले जाया गया।
ग्रामवासियों और किसानों का आरोप है कि खाद वितरण में पहले से ही गड़बड़ी चल रही है। कई-कई घंटे लाइन में लगने के बाद भी खाद नहीं मिल पाता, ऊपर से पुलिस का यह रवैया किसानों की पीड़ा और बढ़ा रहा है। उनका कहना है कि प्रशासन खाद माफियाओं और गड़बड़ी करने वाले अधिकारियों पर कार्रवाई करने के बजाय किसानों पर ही सख्ती कर रहा है।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की और दोषी पुलिसकर्मियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की। किसानों ने चेतावनी दी है कि अगर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो वे आंदोलन करेंगे।