मेडिकल कॉलेज में सिक्योरिटी गार्ड्स की गुंडागर्दी, तीमारदार से की मारपीट; वसूली का आरोप

Kapilvastupost

​सिद्धार्थ नगर : माधव प्रसाद त्रिपाठी मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी के बाहर सिक्योरिटी में तैनात जवानों पर एक तीमारदार से मारपीट और पैसे वसूलने का गंभीर आरोप लगा है। इस घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें सिक्योरिटी गार्ड्स तीमारदार का कॉलर पकड़े और डंडे से मारने की धमकी देते नजर आ रहे हैं।

​वायरल वीडियो में तीमारदार चिल्ला-चिल्लाकर आरोप लगा रहा है कि सिक्योरिटी गार्ड्स हर तीमारदार से 100-100 रुपये की वसूली कर रहे हैं। विवाद इतना बढ़ गया कि कई गार्ड्स ने मिलकर तीमारदार को घेर लिया और उसके साथ हाथापाई करने लगे। इस दौरान एक गार्ड को अपने साथियों से “मारो इसको” कहते हुए भी सुना जा सकता है।

​बताया जा रहा है कि यह घटना रविवार की है। वीडियो के वायरल होने के बाद भी मेडिकल कॉलेज प्रशासन की तरफ से कोई तुरंत कार्रवाई नहीं की गई है। इस संबंध में जब सीएमएस डॉ. एके झा से बात की गई तो उन्होंने मामले की जानकारी न होने की बात कही। उन्होंने यह भी कहा कि अगर कोई लिखित शिकायत मिलती है तो मामले की जांच कराई जाएगी।

​यह घटना एक बार फिर सरकारी अस्पतालों में सुरक्षाकर्मियों के व्यवहार और उनकी जवाबदेही पर सवाल खड़ा करती है। आए दिन सामने आने वाली ऐसी घटनाएं मरीजों और उनके तीमारदारों के लिए मुश्किलें बढ़ा रही हैं।