बेटे की जिद, ‘आरोपी का एनकाउंटर करो, तभी होगा पिता का अंतिम संस्कार’; हत्या के बाद तनाव

Kapilvastupost

सिद्धार्थनगर: सिद्धार्थनगर में एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां धारदार हथियार से हमला कर रामकला निषाद की हत्या कर दी गई। इस हमले में उनकी पत्नी प्रभावती और बेटी किरन भी गंभीर रूप से घायल हो गईं। घटना के बाद से आरोपी फरार है, जिसकी तलाश में पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।

बेटे की मांग: एनकाउंटर या गिरफ्तारी

​हत्या से आक्रोशित मृतक के बेटे गणेश निषाद ने आरोपी की गिरफ्तारी या एनकाउंटर होने तक पिता के शव का अंतिम संस्कार करने से साफ इनकार कर दिया। मृतक के घर पर भारी भीड़ जमा हो गई और माहौल तनावपूर्ण हो गया। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर पीड़ित परिवार को समझाने की कोशिश की, लेकिन गणेश अपनी मांग पर अड़ा रहा। वह बार-बार कह रहा था कि जब तक आरोपी का एनकाउंटर नहीं होगा, वह शव का अंतिम संस्कार नहीं करेगा।

प्रशासन के आश्वासन पर शांत हुआ मामला

​काफी मशक्कत के बाद, देर शाम एसडीएम और सीओ इटवा ने मृतक के परिजनों से बातचीत की। उन्होंने जल्द से जल्द हत्यारोपियों को गिरफ्तार करने का आश्वासन दिया, जिसके बाद परिजनों ने अंतिम संस्कार के लिए सहमति दी और सड़क पर लगा जाम खत्म हुआ।

क्या है पूरा मामला?

​मृतक के बेटे गणेश निषाद ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि गांव का ही मुकेश कुमार निषाद धारदार हथियार और तमंचा लेकर आया और रास्ते में उनके परिवार पर हमला कर दिया। हमले में बीच-बचाव करने आए उनके पिता रामकला निषाद की मौके पर ही मौत हो गई। उनकी मां प्रभावती देवी और बहन किरन पर भी हमला किया गया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गईं। गणेश ने आरोप लगाया है कि आरोपी मुकेश ने घायल बहन किरन को गोद में उठाकर चौराहे पर एक डॉक्टर के पास छोड़ा और फिर फरार हो गया। गणेश ने तहरीर में तीरथ और तूफानी नामक दो अन्य लोगों पर आरोपी को भगाने में मदद करने का भी आरोप लगाया है।

पुलिस कर रही है आरोपियों की तलाश

​मिश्रौलिया थानाध्यक्ष नारायन लाल श्रीवास्तव ने बताया कि केस दर्ज कर लिया गया है और आरोपियों की तलाश जारी है। पुलिस ने पीड़ित परिवार को आश्वासन दिया है कि दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस अधिकारी लगातार परिजनों को समझा रहे हैं और इलाके में शांति बनाए रखने की कोशिश कर रहे हैं।

काल्पनिक फोटो