शोहरतगढ़ विधायक विनय वर्मा पर पार्टी लाइन से हटने का आरोप

गुरु जी की कलम से
​सिद्धार्थनगर: अपनादल (सोनेलाल) के सिद्धार्थनगर जिलाध्यक्ष श्याम सुंदर चौधरी ने शोहरतगढ़ से पार्टी विधायक विनय वर्मा पर गंभीर आरोप लगाए हैं। चौधरी ने विधायक की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कहा है कि उनकी गतिविधियां पार्टी के शीर्ष नेतृत्व को असहज कर रही हैं और कार्यकर्ताओं में भी असमंजस की स्थिति पैदा हो गई है।

चौधरी के अनुसार, विधायक विनय वर्मा ने पार्टी और उसके प्रति समर्पित कार्यकर्ताओं से दूरी बना ली है। जिलाध्यक्ष ने पिछले 10 महीनों में यह महसूस किया है कि विधायक पार्टी की मासिक बैठकों और कार्यक्रमों में हिस्सा नहीं लेते हैं।

​उन्होंने 19 जून की एक घटना का भी जिक्र किया, जब पार्टी के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष और मंत्री आशीष पटेल का आगमन हुआ था। पार्टी कार्यालय के उद्घाटन और कार्यकर्ता बैठक के दिन विधायक जानबूझकर जिले से बाहर चले गए, जिसे चौधरी ने “पार्टी विरोधी गतिविधियों का ज्वलंत उदाहरण” बताया।
​जिलाध्यक्ष ने कहा कि विधायक के ऐसे व्यवहार से पार्टी के समर्पित कार्यकर्ता खुद को ठगा हुआ महसूस कर रहे हैं।

उन्होंने एक और घटना का उल्लेख करते हुए बताया कि विधायक ने जिलाधिकारी पर भी “भ्रष्ट होने” का आरोप लगाया, जबकि जिलाधिकारी अपनी स्वच्छ, ईमानदार और कर्मठ कार्यशैली के लिए जाने जाते हैं।
​श्याम सुंदर चौधरी ने कहा कि किसी भी जनप्रतिनिधि या कार्यकर्ता का ऐसा व्यवहार पार्टी की छवि को नुकसान पहुंचाता है।

उन्होंने उम्मीद जताई है कि पार्टी का शीर्ष नेतृत्व विधायक विनय वर्मा के पार्टी लाइन से हटकर किए गए असहज व्यवहार का जल्द संज्ञान लेगा।