सिद्धार्थ नगर – खाद की लाइन में किसान से मारपीट, सिर फटा पांच पर मुकदमा दर्ज

Kapilvastupost

कपिलवस्तु: खाद की कमी से जूझ रहे किसानों की मुश्किलें बढ़ती जा रही हैं। कपिलवस्तु कोतवाली क्षेत्र के नोनहवा चौराहे पर सोमवार को खाद लेने के लिए लाइन में लगे एक किसान को कुछ लोगों ने पीट-पीटकर घायल कर दिया। इस घटना से किसानों में भारी रोष है।

​परसा बेलहरी गांव के रहने वाले शैलेंद्र यादव सोमवार को नोनहवा चौराहे पर खाद मिलने की खबर सुनकर लाइन में लगे थे। तभी पीछे से धक्का-मुक्की और शोर शराबा होने लगा। इसी बीच, बर्डपुर नंबर छह के पाँच लोगों ने शैलेंद्र को यह कहकर पीटना शुरू कर दिया कि वह उनके गाँव का नहीं है और उसे खाद नहीं मिलनी चाहिए।

​शैलेन्द्र ने बताया कि उन लोगों ने पटरे और सरिए से उन पर हमला किया, जिससे उनका सिर फट गया। उन्होंने तुरंत कपिलवस्तु कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

​कोतवाली प्रभारी बृजेश सिंह ने बताया कि तहरीर मिलने के बाद पाँच लोगों के खिलाफ मारपीट का केस दर्ज कर लिया गया है और मामले की जांच की जा रही है। यह घटना दर्शाती है कि खाद की कमी और वितरण में अव्यवस्था के कारण किसानों को न केवल लंबी कतारों में लगना पड़ रहा है, बल्कि उन्हें ऐसी हिंसक घटनाओं का भी सामना करना पड़ रहा है।