​सिद्धार्थनगर में चोरों का आतंक, दहशत में लोग, ग्राम प्रधान के घर में हुई लाखों की चोरी

niyamtullah khan 

सिद्धार्थनगर, उत्तर प्रदेश: जनपद सिद्धार्थनगर में इन दिनों चोरों का खौफ इस कदर बढ़ गया है कि लोग दहशत में रात-रात भर जागकर पहरा दे रहे हैं। जिले के अलग-अलग हिस्सों में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से लोगों में भय का माहौल है, जबकि पुलिस इसे महज अफवाह बताकर अपना बचाव करती दिख रही है।

​हाल ही में, उसका बाजार थाना क्षेत्र के परसाशुकुरुल्लाह गांव में एक ग्राम प्रधान के घर में हुई लाखों की चोरी ने इस दहशत को और बढ़ा दिया है। पीड़ित के मुताबिक, चोरों ने मौका पाकर घर का शटर तोड़ा और लगभग दस लाख रुपये से अधिक की नकदी और जेवरात लेकर फरार हो गए।

​पुलिस जहां एक ओर लगातार सफाई पेश कर लोगों से पैनिक न होने की अपील कर रही है, वहीं दूसरी ओर जिले के विभिन्न क्षेत्रों से चोरी की सूचनाएं पुलिस के दावों पर सवालिया निशान लगा रही हैं। स्थिति यह है कि कई गांवों में लोग रात भर जागकर पहरा दे रहे हैं, और इस खौफ के बीच कुछ राहगीर भी भीड़ के गुस्से का शिकार हो रहे हैं।

​अगर सिर्फ उसका थाना क्षेत्र की बात करें, तो पिछले एक महीने में पाँच बड़ी चोरी की घटनाएं हो चुकी हैं। इन घटनाओं को रोकने में पुलिस की कथित नाकामी साफ नजर आ रही है। जिले में सक्रिय चोरों और लुटेरों को पकड़ने और इन घटनाओं पर अंकुश लगाने में विफल रही पुलिस अब खुद को अफवाहों का सहारा लेकर बचाती नजर आ रही है। लोगों का कहना है कि पुलिस को सिर्फ बयानबाजी की बजाय इन चोरों को पकड़ने के लिए ठोस कदम उठाने चाहिए, ताकि लोग शांति से रह सकें।