​भीषण सड़क हादसा: दो बाइक सवारों की आमने-सामने की टक्कर, गंभीर रूप से घायल

Kapilvastupost

शोहरतगढ़ । शुक्रवार को शोहरतगढ़-चिल्हिया राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित गोहनिया ईंट भट्ठे के पास दो बाइक सवारों के बीच हुई सीधी टक्कर में दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को तुरंत एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शोहरतगढ़ ले जाया गया। उनके सिर और पैर में गंभीर चोटें आई थीं, जिसके बाद डॉक्टरों ने उन्हें माधव प्रसाद त्रिपाठी मेडिकल कॉलेज सिद्धार्थ नगर रेफर कर दिया।

​घायलों में एक, श्रवण गिरी (ग्राम बहरामाफी, पोस्ट बेलहर, संत कबीर नगर) अपने घर जा रहे थे, जबकि दूसरे बाइक सवार सुखराम चौधरी (ग्राम कपियावा, थाना चिल्हिया) से उनकी टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों बाइक सवार सड़क पर गिरकर बुरी तरह जख्मी हो गए। राहगीरों ने तुरंत घायलों की मदद की और एंबुलेंस बुलाकर उन्हें अस्पताल पहुंचाया।

​चिल्हिया के थानाध्यक्ष राजेश तिवारी ने बताया कि दुर्घटना के बाद दोनों घायलों को इलाज के लिए माधव प्रसाद त्रिपाठी मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। दोनों बाइक को पुलिस थाने लाया गया है। उन्होंने यह भी कहा कि तहरीर मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।