📅 Published on: September 20, 2025
Nizam Ansari
सिद्धार्थनगर के शोहरतगढ़ में स्थित शिवपति स्नातकोत्तर महाविद्यालय में शनिवार को स्मार्टफोन और टैबलेट वितरण समारोह का आयोजन किया गया। इस मौके पर डुमरियागंज के सांसद जगदंबिका पाल ने 120 छात्रों को डिजिटल डिवाइस वितरित किए।
महाविद्यालय के प्रबंधक योगेंद्र प्रताप सिंह ने इस मौके पर कहा कि 1964 में स्थापित यह महाविद्यालय शिक्षा की अलख जलाए हुए है। शोहरतगढ़ का राज परिवार समाज और देश पर शिक्षा की ज्योति जलाने का जो कार्य किया है, वह अविस्मरणीय है। यह शिक्षा के क्षेत्र में उनके परिवार के योगदान का ही परिणाम है कि आज इस महाविद्यालय के छात्र देश-विदेश में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रहे हैं।
सांसद जगदंबिका पाल ने कहा कि डिजिटल युग में तकनीक का उपयोग शिक्षा के लिए बेहद महत्वपूर्ण हो गया है। उन्होंने केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं जैसे डिजिटल इंडिया, स्टार्टअप इंडिया और नेशनल एजुकेशन मिशन का जिक्र करते हुए युवाओं से इन योजनाओं से जुड़ने का आग्रह किया।
इस अवसर पर नगर पंचायत शोहरतगढ़ चेयरमैन प्रतिनिधि रवि अग्रवाल, प्राचार्य डॉ. ए के सिंह , डॉ. रामकिशोर सिंह, डॉ. प्रवीण कुमार, डॉ. अजय कुमार सिंह, रत्नेश कुमार वर्मा , रवि वर्मा , शमशीरुल इस्लाम , पंकज सिंह सहित अन्य गणमान्य जन मौजूद रहे।