📅 Published on: September 24, 2025
Kapilvastupost
संत कबीर नगर, उत्तर प्रदेश: संत कबीर नगर जिले के धर्मसिंहवा थाना क्षेत्र में सोमवार देर रात एक 22 वर्षीय युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। युवक के परिवार ने भाजपा के जिला महामंत्री समेत चार लोगों पर उत्पीड़न और आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप लगाया है।
पुलिस ने परिजनों की शिकायत पर चारों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
यह घटना बौरव्यास गांव की है, जहां के निवासी धर्मराज (22) ने सोमवार रात अपने घर में फांसी लगाकर अपनी जान दे दी। धर्मराज की मां मीरा देवी ने आरोप लगाया है कि गांव के भाजपा जिला महामंत्री विनोद पांडेय, उनके भाई प्रमोद पांडेय, विवेक मिश्र और रामपाल गुप्त उनके परिवार को लगातार परेशान कर रहे थे। उन्होंने यह भी बताया कि परिवार ने आरोपियों के खिलाफ पहले भी मुकदमा दर्ज कराया था।
मीरा देवी के अनुसार, सोमवार को कोर्ट से एक और नोटिस आने से धर्मराज बहुत परेशान हो गया था। इसी मानसिक पीड़ा के चलते उसने यह कदम उठाया। पुलिस ने मीरा देवी की तहरीर के आधार पर विनोद पांडेय समेत चारों आरोपियों के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का केस दर्ज कर लिया है।
लोगों का गुस्सा फूटा, सड़क जाम; पुलिस ने किया बल प्रयोग
मंगलवार शाम को पोस्टमार्टम के बाद जब धर्मराज का शव गांव पहुंचा, तो गुस्साए परिजनों और ग्रामीणों ने मेंहदावल-बौरव्यास मुसहरा मार्ग पर शव रखकर रास्ता जाम कर दिया। वे आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे थे। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को बल प्रयोग करना पड़ा और भीड़ को तितर-बितर किया गया। इस दौरान नायब तहसीलदार की गाड़ी भी क्षतिग्रस्त हो गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है।