जिला अस्पताल सिद्धार्थनगर में गेंंद जैसा ब्रेन ट्यूमर निकाला गया सफलतापूर्वक, 36 घंटे में मरीज चलने-फिरने लगा

Kapilvastupost

सिद्धार्थनगर। जिला मुख्यालय का न्यू्रो चिकित्सा क्षेत्र में विकास लगातार नई ऊंचाइयां छू रहा है। यहां न्यू्रो सर्जन डॉ. आशुतोष शुक्ला ने एक महिला मरीज के दिमाग से गेंद जैसे आकार का ब्रेन ट्यूमर निकालकर नया कीर्तिमान स्थापित किया है। खास बात यह रही कि सफल ऑपरेशन के बाद केवल 36 घंटे के भीतर ही मरीज अपने पैरों पर खड़ा हो गई और सामान्य रूप से चलने-फिरने लगी।

डॉ.आशुतोष के अनुसार, मरीज को लंबे समय से झटके और शरीर के दाहिने हिस्से में कमजोरी की शिकायत थी। जांच में पता चला कि महिला के दिमाग में मेनिनजियोमा नामक ब्रेन ट्यूमर था, जो तेजी से बढ़ रहा था और आसपास के हिस्से को प्रभावित कर रहा था। बेहद जटिल माने जाने वाले इस ऑपरेशन को डॉ. आशुतोष और उनकी टीम ने सफलता पूर्वक अंजाम दिया।

मरीज के परिजनों ने बताया कि मात्र 24 से 36 घंटे बाद ही महिला अपने पैरों पर चलने लगी और चार दिन के भीतर ही अस्पताल से छुट्टी पाकर घर लौट आई। परिजनों ने डॉक्टर और पूरी टीम का आभार जताया।

डॉ. आशुतोष ने कहा कि ब्रेन और स्पाइन सर्जरी की सुविधाएं अब जिले में उपलब्ध होने से मरीजों को बाहर जाकर इलाज कराने की परेशानी से छुटकारा मिलेगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि भविष्य में भी वह और उनकी टीम इस क्षेत्र में बेहतर सेवाएं देने के लिए सतत प्रयासरत रहेंगे।