सिद्धार्थनगर: गोनहा गांव में हाईटेंशन टावर पर मिला 18 वर्षीय राजन का शव, दुर्गा पंडाल जाने की बात कहकर निकला था

*गोनहा गोसाई गांव में सनसनी, पुलिस ने शव उतरवाकर शुरू की जांच*

Kapilvastupost

सिद्धार्थनगर। जोगिया उदयपुर थाना क्षेत्र की ग्राम पंचायत गोनहा (गोनहा गोसाई) में मंगलवार सुबह खेत में लगे हाईटेंशन टावर पर एक युवक का शव लटका मिला। मृतक की पहचान गांव के 18 वर्षीय राजन पुत्र छविलाल के रूप में हुई। घटना से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।

परिजनों के मुताबिक राजन सोमवार शाम भैंस चराकर घर लौटा था। नहाने-धोने के बाद वह गांव में सजे दुर्गा पूजा पंडाल जाने की बात कहकर निकला, लेकिन देर रात तक नहीं लौटा। परिजनों ने पंडाल सहित गांव में कई जगह उसकी तलाश की, पर कुछ पता नहीं चला।

मंगलवार सुबह करीब 7:50 बजे ग्रामीणों की नजर खेत के टावर पर पड़ी, जहां राजन का शव लटका था। ग्रामीणों ने तुरंत ग्राम प्रधान और पुलिस को सूचना दी। देखते ही देखते मौके पर बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए। खबर घर पहुंचते ही परिजनों में कोहराम मच गया।

राजन अपने माता-पिता छविलाल और मालती के सात बेटों और एक बेटी में पांचवें नंबर का था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को नीचे उतरवाया और पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू की। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि मौत के पीछे का कारण क्या है। फिलहाल कारण स्पष्ट नहीं है।