📅 Published on: October 13, 2025
पशु चिकित्सक / नोडल डॉक्टर अक्सर रहते हैं गायब रूटीन जांच नहीं होती है गौशालाओं की।
Nizam Ansari
बढ़नी, सिद्धार्थनगर।
विकास खंड बढ़नी की परसोहिया ग्राम पंचायत में स्थित गौशाला में एक गाय की खराब हालत का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद प्रशासन हरकत में आ गया है। वीडियो के संज्ञान में आते ही ग्राम पंचायत सचिव और पशुधन विभाग के डॉक्टर तत्काल गौशाला पहुंचे और बीमार गाय की जांच की।
मौके पर मौजूद अधिकारियों ने बताया कि वायरल वीडियो में दिख रही गाय बीमार है। सचिव और डॉक्टर ने मिलकर गाय के स्वास्थ्य का जायजा लिया और उसका तत्काल इलाज शुरू करवा दिया है। डॉक्टर राकेश गुप्ता ने बताया कि गाय को जरूरी दवाइयाँ दी जा रही हैं और उसकी लगातार निगरानी की जा रही है।
ग्राम पंचायत सचिव ने आश्वस्त किया है कि गौशाला में मौजूद सभी पशुओं के स्वास्थ्य की नियमित जांच की जाएगी और उनकी देखरेख में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जाएगी। इस घटना ने एक बार फिर गौशालाओं के प्रबंधन और पशुओं की देखभाल पर सवाल खड़े कर दिए हैं, जिस पर प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई कर स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया है।