सिद्धार्थनगर: DM की सख्ती, कार्य में लापरवाही पर B.A.M. शैलेश द्विवेदी को टर्मिनेट करने का आदेश; BC P.M. विजय शंकर त्रिपाठी पर भी गिरी गाज

Kapilvastupost

सिद्धार्थनगर, निज संवाददाता। जिला स्वास्थ्य समिति (डीएचएस) की बैठक में जिलाधिकारी डॉ. राजा गणपति आर ने स्वास्थ्य कार्यों में लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। बुधवार शाम कलक्ट्रेट सभागार में हुई बैठक में डीएम ने नौगढ़ पीएचसी पर तैनात ब्लॉक अकाउंट मैनेजर (B.A.M.) शैलेश द्विवेदी को तत्काल टर्मिनेट करने का आदेश दिया है। इसके अलावा, खेसरहा में तैनात ब्लॉक कम्युनिटी प्रोसेस मैनेजर (BCPM) विजय शंकर त्रिपाठी को भी हटाने और कार्यालय अटैच करने पर सहमति बनी है।

B.A.M. शैलेश द्विवेदी पर टर्मिनेशन की तलवार:

​बैठक में नौगढ़ ब्लॉक पीएचसी पर भुगतान और अन्य कार्यों में लापरवाही का मामला सामने आया। प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. अनूप कुमार जायसवाल ने B.A.M. शैलेश द्विवेदी पर गंभीर आरोप लगाते हुए बताया कि उनकी लापरवाही के कारण आशा कार्यकर्ताओं को भुगतान नहीं हो पा रहा है, और भुगतान संबंधी रिकॉर्ड भी मेंटेन नहीं हैं। कई नोटिस के बावजूद कार्य में सुधार न होने पर डीएम डॉ. राजा गणपति आर ने कड़ी नाराजगी व्यक्त की और B.A.M. को तत्काल टर्मिनेट करने का आदेश दिया। हालांकि, मुख्य चिकित्सा अधिकारी (CMO) डॉ. रजत कुमार चौरसिया ने B.A.M. को एक सप्ताह का समय दिया है। यदि एक सप्ताह में कार्य में सुधार नहीं होता है, तो टर्मिनेशन की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी।

BCPM विजय शंकर त्रिपाठी को कार्यालय अटैच करने पर सहमति:

​वहीं, खेसरहा पीएचसी के अधीक्षक डॉ. सुजीत कुमार पांडेय ने BC P.M. विजय शंकर त्रिपाठी के विरुद्ध वित्तीय अनियमितता और कार्यों में लापरवाही का आरोप लगाते हुए डीओ लेटर लिखा था। अधीक्षक लगातार इनके स्थानांतरण का दबाव बना रहे थे। आरोपों के बाद, जिला स्वास्थ्य समिति की सहमति से CMO ने BC P.M. को अपने कार्यालय अटैच करने की सहमति दी है। CMO ने स्पष्ट किया कि स्थानांतरण को लेकर किसी भी कर्मचारी के चलते दूसरे को परेशान नहीं किया जाएगा।

​डीएम ने डीएचएस की बैठक में स्वास्थ्य कार्यक्रमों की बिंदुवार समीक्षा की और सभी संबंधित अधिकारियों को कार्यों में पारदर्शिता और तेजी लाने के निर्देश दिए।