सिद्धार्थनगर में बड़ा एक्शन: मोहाना थानाध्यक्ष समेत चार सिपाही निलंबित, लक्ष्मी प्रतिमा विसर्जन के दौरान युवक को ले जाने और घायल मिलने का मामला
📅 Published on: October 26, 2025
डीआईजी की जांच के बाद मोहाना थानाध्यक्ष रोहित उपाध्याय समेत चार सिपाहियों मनोज यादव, मंजीत सिंह, अभिषेक गुप्ता और राजन सिंह को निलंबित कर दिया गया है।
गुरु जी की कलम से
सिद्धार्थनगर। मोहना थाना क्षेत्र में लक्ष्मी प्रतिमा विसर्जन के दौरान एक युवक के गंभीर रूप से घायल होने के मामले में पुलिस विभाग में बड़ा एक्शन लिया गया है।
दिनांक 25.10.2025 को डीआईजी बस्ती रेंज संजीव त्यागी की जांच के बाद, मोहाना थाना प्रभारी (थानाध्यक्ष) समेत चार सिपाहियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। थाना प्रभारी को निलंबित करते हुए पुलिस लाइन हाजिर किया गया है।
त्वरित कार्रवाई और मुकदमा दर्ज:
उच्चाधिकारियों ने घटना का तत्काल संज्ञान लिया है और आरोपी पुलिसकर्मियों के विरुद्ध सख्त कार्यवाही की जा रही है। इस संबंध में, घायल युवक के भाई अवनीश पटेल की लिखित तहरीर पर थाना मोहाना में मु0अ0सं0 152/2025 के तहत धारा 109(1) और 140(1) भारतीय न्याय संहिता-2023 के तहत मुकदमा पंजीकृत किया गया है।
गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित:
आरोपी पुलिसकर्मियों की त्वरित गिरफ्तारी के लिए 02 क्षेत्राधिकारीगण (CO) के पर्यवेक्षण में 07 टीमों का गठन किया गया है और उन्हें शीघ्र गिरफ्तारी करने के निर्देश दिए गए हैं।
यह है पूरा मामला:
नगर पंचायत कपिलवस्तु वॉर्ड नंबर चार गांधीनगर निवासी घायल युवक रजनीश पटेल के पिता अशोक पटेल ने आरोप लगाया था कि लक्ष्मी प्रतिमा विसर्जन की रात पुलिसकर्मी उनके पुत्र को अपने साथ बाइक पर ले गए थे, जिसके कुछ देर बाद वह गंभीर अवस्था में पेट्रोल पंप के पास मिला।
घायल का इलाज जारी:
घायल रजनीश पटेल का उपचार अभी भी लखनऊ केजीएमयू में चल रहा है, और उसके इलाज में लखनऊ पुलिस का सहयोग लिया जा रहा है। उच्चाधिकारियों द्वारा लगातार इस पूरे प्रकरण की निगरानी (अनुश्रवण) की जा रही है।
प्रारंभिक जांच में पुलिसकर्मियों की लापरवाही और संलिप्तता स्पष्ट होने के बाद यह बड़ी कार्रवाई की गई है, जिससे पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।
नेट इमेजेस


