📅 Published on: October 26, 2025
गुरु जी की कलम से
सिद्धार्थनगर। आगामी लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा की तैयारियों को देखते हुए जिलाधिकारी डॉ. राजा गणपति आर ने रविवार को जिले के प्रमुख छठ घाटों का सघन निरीक्षण किया। उन्होंने श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
जिलाधिकारी डॉ. राजा गणपति आर ने बढ़नी नगर के मुड़ीला रोड स्थित छठ घाट समेत शोहरतगढ़ (खुनुवां बाईपास रोड स्थित शिव बाबा मंदिर पोखरा), डुमरियागंज (राप्ती तट), बांसी और नौगढ़ क्षेत्र के जमुआर पुल छठ घाट का दौरा किया।
जिलाधिकारी ने सभी घाटों और उन तक जाने वाले रास्तों की तुरंत पूरी साफ-सफाई सुनिश्चित करने और कूड़े-कचरे के उचित निस्तारण की व्यवस्था करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्वच्छता में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
सुरक्षा के दृष्टिकोण से सभी घाटों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, सीसीटीवी कैमरे लगाने, और बचाव उपकरण उपलब्ध रखने के निर्देश दिए गए।
जलस्तर के समीप बैरिकेडिंग करने, रस्सियां और चेतावनी बोर्ड लगाने पर विशेष जोर दिया गया ताकि कोई दुर्घटना न हो। घाट तक जाने वाले रास्तों की मरम्मत और साफ-सफाई तुरंत पूरी करने को कहा गया।
प्रकाश व्यवस्था: रात्रि में श्रद्धालुओं को कोई असुविधा न हो, इसके लिए सभी प्रमुख घाटों पर पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया।
स्वास्थ्य टीम: स्वास्थ्य विभाग को छठ पर्व के दौरान सभी प्रमुख घाटों पर स्वास्थ्य टीमों की तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए, ताकि किसी भी आकस्मिक स्थिति में तत्काल चिकित्सीय सहायता उपलब्ध कराई जा सके।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि छठ महापर्व लोक आस्था का महापर्व है, और इसे स्वच्छ और सुरक्षित माहौल में संपन्न कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को सभी व्यवस्थाएं समय पर पूरी करने और पर्व से पहले पुनः निरीक्षण कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने की चेतावनी दी।
निरीक्षण के दौरान नगर पंचायत ईओ, एसडीएम विवेकानन्द मिश्रा, नगर अध्यक्ष सुनील अग्रहरि, नगर अध्यक्ष प्रतिनिधि रवि अग्रवाल, प्रभारी निरीक्षक नवीन कुमार सिंह, अजय कुमार सहित पुलिस प्रशासन एवं संबंधित विभागों के कर्मी मौजूद रहे।