📅 Published on: October 31, 2025
Kapilvastupost
उत्तर प्रदेश के सिद्धार्थनगर जिले के डुमरियागंज क्षेत्र में भाजपा के पूर्व विधायक राघवेंद्र प्रताप सिंह का मुस्लिम लड़कियों को लेकर दिया गया विवादित बयान सोशल मीडिया सहित राजनीतिक गलियारों में चर्चा का केंद्र बन गया है। अपने बयान में सिंह ने कहा था कि “हमारे समाज की दो लड़कियां ले गए, तुम मुसलमानों की 10 लड़कियां लाओ, और जो लाएगा, उसके खाने-पीने और नौकरी का इंतजाम हम करेंगे।”
उनके इस बयान का वीडियो वायरल हो गया, जिसके बाद क्षेत्र में तनाव और नाराजगी फैल गई।
इस बयान को लेकर समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता भड़क गए और उन्होंने एसपी से मिलकर सिंह के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग रखी। सपा नेताओं का कहना है कि इस तरह के बयान सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने वाले हैं और प्रशासन को इन पर सख्ती से कार्यवाही करनी चाहिए। बसपा सुप्रीमो मायावती ने भी ट्वीट कर घटना की निंदा करते हुए तत्काल कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
सत्तापक्ष द्वारा भी बयान से किनारा किया गया है, जबकि विपक्ष इसे महिलाओं और अल्पसंख्यकों के खिलाफ घृणा फैलाने वाली राजनीति का उदाहरण बता रहा है। क्षेत्रीय पुलिस पर मामले में ढिलाई बरतने के आरोप भी लगे हैं, वहीं आज इस मामले में स पा कार्यकर्ताओं की तरफ से साफ कहा गया है कि सबसे पहले शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखना जरूरी है।