📅 Published on: October 31, 2025
गुरु जी की कलम से
बढ़नी, सिद्धार्थनगर।
राष्ट्रीय राजमार्ग 730 पर बढ़नी से शोहरतगढ़ मार्ग स्थित भरौली पेट्रोल पंप के पास शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। एक तेज रफ्तार ट्रक ने सड़क किनारे चल रहे करीब 100 से अधिक भेड़ों को कुचल डाला, जिससे घटनास्थल पर ही अधिकांश भेड़ों की मौत हो गई। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के कारण यह हादसा हुआ। मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने बताया कि यदि चालक निर्धारित गति से चलता, तो इतनी बड़ी क्षति नहीं होती। ट्रक की चपेट में आने से पास से गुजर रही एक मैजिक गाड़ी (संख्या MH04 LQ 5961) भी क्षतिग्रस्त हो गई और उसका चालक घायल हो गया।
घटना की सूचना पर ढेबरुआ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच में जुट गई। मृत भेड़ों को जेसीबी की सहायता से सड़क से हटाया गया। ग्रामीणों का कहना है कि यदि पशु चिकित्सक समय से पहुंच जाते, तो कई भेड़ों की जान बचाई जा सकती थी।
स्थानीय लोगों ने बताया कि यह सिर्फ एक हादसा नहीं बल्कि जानबूझकर की गई लापरवाही का परिणाम है। चालक न तो इंसानी जान की कीमत समझते हैं और न ही बेजुबान पशुओं की।
बताते चलें कि इस दुर्घटना से सड़क पर सैकड़ों मीटर में मृत भेड़ें पड़ी हुई थीं जिन्हें जे सी बी की मदद से हटाया गया।