सिद्धार्थ नगर – पुलिस की मुस्तैदी से नदी में डूबने से बची किशोरी

अजीज अहमद

शोहरतगढ़। बाणगंगा नदी घाट  कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर स्नान के दौरान एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। नेपाल क्षेत्र की एक किशोरी नदी में डूबने लगी, लेकिन पुलिस की सक्रियता और सतर्कता से उसकी जान बच गई।

कार्तिक पूर्णिमा के श्रद्धालु स्नान के लिए बाघनगां घाट पर भारी भीड़ उमड़ी थी। इसी दौरान दक्षिण किनारे पर स्नान करती हुई किशोरी गहरे पानी में चली गई और डूबने लगी। उसके शोर मचाने पर पास में मौजूद पुलिसकर्मी तुरंत नदी में कूद गए और किशोरी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।

थाना प्रभारी नवीन कुमार सिंह ने बताया कि सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पहले से ही बाणगंगा में पुलिस व एसएसबी जवान तैनात थे। जवानों ने मौके पर तुरंत कार्रवाई कर किशोरी की जान बचाई।

बचाई गई किशोरी नेपाल के कृष्णानगर की रहने वाली बताई जा रही है। उसे सुरक्षित अवस्था में नेपाल पुलिस के हवाले कर दिया गया।

स्थानीय लोगों ने भारतीय जवानों की तत्परता की जमकर सराहना की।इसी बीच, श्रद्धालु स्नान के मद्देनज़र प्रशासन ने भारत-नेपाल सीमा मार्ग पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया है और भीड़ नियंत्रण के लिए सड़कें खाली कराई जा रही हैं ताकि किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो।