सिद्धार्थनगर में ‘सांसद खेल महोत्सव’ का भव्य आयोजन, ग्रामीण प्रतिभाओं को मिला मंच
📅 Published on: November 26, 2025
सांसद जगदंबिका पाल ने बताया PM मोदी का विजन, गौ-सेवा आयोग के उपाध्यक्ष ने किया विजेताओं का सम्मान
Kapilvastupost
सिद्धार्थनगर, उत्तर प्रदेश:
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर, ग्रामीण प्रतिभाओं को राष्ट्रीय पटल पर लाने के उद्देश्य से ‘सांसद खेल महोत्सव’ का भव्य आयोजन पूरे उत्साह के साथ किया जा रहा है। इसी कड़ी में, सिद्धार्थनगर जिले के चौखड़ा स्थित ललिता इंटर कॉलेज में छात्र-छात्राओं के लिए एक विशाल मैराथन दौड़ का सफल आयोजन किया गया।
इस आयोजन में जिलेभर के छात्र-छात्राओं ने बड़ी संख्या में हिस्सा लिया और अपनी खेल प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। युवाओं का जोश और जुनून देखने लायक था, जिसने पूरे कार्यक्रम में एक सकारात्मक ऊर्जा भर दी।
मुख्य अतिथि और विजेताओं का उत्साहवर्धन
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश गौ-सेवा आयोग के उपाध्यक्ष (दर्जा प्राप्त राज्यमंत्री) महेश शुक्ला रहे। उन्होंने उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विजेता प्रतिभागियों को सम्मानित किया और उनका भरपूर उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन युवाओं को स्वस्थ प्रतिस्पर्धा के लिए प्रेरित करते हैं।
सांसद जगदंबिका पाल ने बताया महोत्सव का उद्देश्य
मीडिया से बात करते हुए स्थानीय सांसद जगदंबिका पाल ने इस पहल के पीछे के मुख्य उद्देश्य को स्पष्ट किया। उन्होंने कहा कि यह ‘सांसद खेल महोत्सव’ माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन का एक हिस्सा है।
सांसद पाल ने कहा इस महोत्सव का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों की उन छिपी हुई खेल प्रतिभाओं को खोजना और उन्हें निखारना है, जिन्हें अभी तक अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए उचित मंच नहीं मिल पाया है। हमारा लक्ष्य है कि इस कार्यक्रम के माध्यम से गांव-गांव की बेटियां और युवा आगे आएं, अपनी प्रतिभा दिखाएं और देश-प्रदेश का नाम रोशन करें।


